1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. हवाईअड्डे से धौला कुआं तक यातायात ‘सिग्नल मुक्त’, गडकरी ने किया तीन लेन के अंडरपास का उद्घाटन

हवाईअड्डे से धौला कुआं तक यातायात ‘सिग्नल मुक्त’, गडकरी ने किया तीन लेन के अंडरपास का उद्घाटन

 Reported By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 12, 2019 10:25 pm IST,  Updated : Jul 12, 2019 10:25 pm IST

केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-8 पर मानेकशॉ सेंटर के नजदीक परेड रोड जंक्शन पर तीन लेन के अंडरपास का उद्घाटन किया। 

Nitin gadkari- India TV Hindi
हवाईअड्डे से धौला कुआं तक यातायात ‘सिग्नल मुक्त’, गडकरी ने किया तीन लेन के अंडरपास का उद्घाटन Image Source : PTI

नई दिल्ली। केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-8 पर मानेकशॉ सेंटर के नजदीक परेड रोड जंक्शन पर तीन लेन के अंडरपास का उद्घाटन किया। इस अंडरपास को यातायात के लिए खोल देने के साथ ही हवाई अड्डे से धौला कुआं तक यातायात ‘सिग्नल मुक्त’ हो जाएगा।

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने बयान में कहा कि इस अंडरपास का निर्माण कार्य 112 दिन की रिकॉर्ड अवधि में पूरा कर लिया गया है। यह अंडरपास धौला कुआं इंटरचेंज से आईजीआई एयरपोर्ट तक भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की सिग्नल मुक्त कॉरिडोर विकसित करने की परियोजना का हिस्सा है।

बयान में कहा गया है कि कॉरिडोर में अक्‍सर जाम लगने से धौला कुंआ इंटरचेंज तथा हवाईअड्डे के बीच तीन किलोमीटर की दूरी पार करने में 10-30 मिनट का समय लगता है। इस समस्‍या से निपटने के लिए एनएचएआई ने 270 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से धौला कुंआ इंटरचेंज से हवाईअड्डे तक सिग्‍नल मुक्‍त कॉरिडोर विकसित करने का काम शुरू किया है।

परियोजना में धौलाकुंआ-आईजीआई कॉरिडोर को 6 लेन से चौड़ा करके 8 लेन का करना और जनकपुरी रोड से तीन लेन के फ्लाईओवर को एनएच-8 से जोड़ना इसमें शामिल है। परेड रोड जंक्‍शन पर 3 लेन के वाहन अंडरपास का आज उद्घाटन किया गया।

इस परियोजना पर मार्च, 2018 में कार्य शुरू हुआ और 75 प्रतिशत कार्य पूरा हो गया है। सिग्‍नल मुक्‍त कॉरिडोर की दिशा में धौला कुंआ मेट्रो स्‍टेशन के निकट धौला कुंआ जंक्‍शन पर फ्लाईओवर 136 कार्य दिवसों के रिकार्ड समय में पूरा हुआ और इसे 2 मार्च, 2019 को यातायात के लिए खोला गया। यह परियोजना उन 9 अन्य परियोजनाओं के अतिरिक्त है, जिन्हें राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में जाम की स्थिति दूर करने के लिए लागू किया जा रहा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत