1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. गांधीनगर निकाय चुनाव: भाजपा व कांग्रेस को बराबर सीटें

गांधीनगर निकाय चुनाव: भाजपा व कांग्रेस को बराबर सीटें

 Written By: India TV News Desk
 Published : Apr 26, 2016 08:44 pm IST,  Updated : Apr 26, 2016 08:44 pm IST

गुजरात की राजधानी गांधीनगर में हुए नगर निगम चुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तथा कांग्रेस ने बराबर-बराबर सीटें जीती हैं।

gujarat- India TV Hindi
gujarat

गांधीनगर: गुजरात की राजधानी गांधीनगर में हुए नगर निगम चुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तथा कांग्रेस ने बराबर-बराबर सीटें जीती हैं। गुजरात नगर निगम के दूसरे कार्यकाल के लिए मतदान रविवार को हुआ था।

इस चुनाव के साथ ही पांच जिलों में 10 तालुका पंचायत सीटों पर भी उप चुनाव एक साथ कराया गया। इनमें से भाजपा ने सात सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस को तीन सीटों से संतोष करना पड़ा। भाजपा के पास इन पांच जिलों में पहले केवल एक सीट थी, जबकि छह सीटें कांग्रेस के पास थीं।

इस बीच, भाजपा तथा कांग्रेस ने दो जिला पंचायतों में दो सीटों पर हुए उपचुनाव में एक-एक सीटें जीतीं। 32 सीटों वाले गांधीनगर नगर निगम में भाजपा ने बहुमत खोते हुए 16 सीटें जीतीं। यह 18 से 2 सीट कम है। कांग्रेस ने भी 16 सीटों पर जीत दर्ज की है। यहां कुल 1,50,610 योग्य मतदाताओं में 78,247 लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था।

इससे पहले, कांग्रेस ने पांच वर्ष पहले गांधीनगर नगर निगम चुनाव में 18 सीटें जीती थीं, उस वक्त नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे। लेकिन, बीच में तीन सदस्य भाजपा के पाले में चले गए, जिससे सत्ता बदल गई थी।

उस वक्त गांधीनगर नगर निगम में 33 सीटें होती थीं। परिसीमन के बाद घटकर यह 32 हो गई। गांधीनगर के महापौर महेंद्र सिंह राणा कांग्रेस के प्रवीण पटेल से मात्र 60 मतों से चुनाव हार गए। वे भाजपा से कांग्रेस में आए थे। अब चूंकि दोनों पार्टियों के पास समान सीटें हैं, इसलिए यह तय नहीं हो पा रहा है कि निगम में किसकी सत्ता होगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत