पणजी: गोवा सरकार प्रस्तावित कैसिनो उद्योग के विनियमन के वास्ते गेमिंग कमीशन का नियम जारी करने की प्रक्रिया में है और इन नियमों में से एक स्थानीय नागरिकों के कैसिनो में प्रवेश पर रोक हो सकता है। अतिरिक्त सचिव (गृह) संजीव गडकर ने बताया, ‘नियम तय हो गये हैं और अब फाइल राज्य के मुख्य सचिव के पास जाएगी और उसके बाद मुख्यमंत्री के पास। नियमों को 20 दिनों के भीतर अधिसूचित कर दिया जाएगा।’
उन्होंने बताया कि नियम अधिसूचित हो जाने के बाद राज्य के पास एक गेमिंग कमीशन होगा जिसमें स्थानीय लोगों को कैसिनो में प्रवेश से रोकने सहित विभिन्न नियामक प्रावधान हैं। नियमों के प्रभावी होने पर केवल गैर गोवावासी कैसिनों जा सकेंगे। उन्होंने बताया, गोवावासियों को इसमें जाने के लिए गेमिंग कमीशन से विशेष अनुमति लेनी होगी।
गोवा में करीब 14 जमीन पर और चार समुद्र तट पर स्थित कैसिनो है। राज्य सरकार एक कैसिनो आयुक्त नियुक्त करेगा जिसके पास गोवा में कैसिनो उद्योग को विनियमित करने का अधिकार होगा।