अहमदाबाद: गुजरात के अहमदाबाद में भी दिल्ली के बुराड़ी जैसा कांड सामने आया है जहां एक ही परिवार के तीन सदस्यों ने आत्महत्या कर ली। इस घटना के पीछे तंत्र-मंत्र का मामला सामने आ रहा है। अहमदाबाद के नरोडा इलाके में एक कारोबारी कुणाल त्रिवेदी के सुसाइड नोट में इस बात का जिक्र है कि काली शक्तियों से तंग आकर उसने ना सिर्फ अपनी पत्नी और बेटी की हत्या की बल्कि खुद भी फांसी के फंदे पर झूल गया।
Related Stories
इस मामले में पुलिस को तीन पन्नों का सुसाइड नोट मिला है। अभी तक की जांच में सामूहिक आत्महत्या के पीछे तांत्रिक विधि का खुलासा हुआ है। जिस घर में सामूहिक आत्महत्या हुई है, उसके दरवाजे पर लाल चुन्नी और नीबू-मिर्ची लगी है। जानकारी के मुताबिक घर के मुखिया 45 वर्षीय कुणाल ने खुद फांसी लगा ली थी जबकि उसकी पत्नी कविता और 16 साल की श्रीन का शव घर में मिला।
बताया जाता है कि पिछले 24 घंटे से उनका घर बंद था। उनके रिश्तेदार फोन कर रहे थे लेकिन कोई फोन पर जवाब नहीं दे रहा था। इसलिए उनके रिश्तेदार और अन्य लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी और पुलिस को लेकर वहां पहुंचे। कमरे में अंदर दाखिल होते ही सबके होश उड़ गए। कमरे के अंदर कुणाल फांसी से लटका हुआ था जबकि उसकी पत्नी फर्श पर और बेटी बिस्तर पर मृत पड़ी थी।