1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने दी गुड न्यूज, 'देश में खात्मे की ओर बढ़ रहा है कोरोना वायरस'

स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने दी गुड न्यूज, 'देश में खात्मे की ओर बढ़ रहा है कोरोना वायरस'

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 07, 2021 11:21 pm IST,  Updated : Mar 07, 2021 11:21 pm IST

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने रविवार को कहा कि ''भारत में कोविड-19 महामारी खात्मे की ओर बढ़ रही है'' और कोविड-19 टीकाकरण अभियान को राजनीति से दूर रखा जाना चाहिये। 

स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने दी गुड न्यूज, 'देश में खात्मे की ओर बढ़ रहा है कोरोना वायरस'- India TV Hindi
स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने दी गुड न्यूज, 'देश में खात्मे की ओर बढ़ रहा है कोरोना वायरस' Image Source : PTI

नई दिल्ली: केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने रविवार को कहा कि ''भारत में कोविड-19 महामारी खात्मे की ओर बढ़ रही है'' और कोविड-19 टीकाकरण अभियान को राजनीति से दूर रखा जाना चाहिये। उन्होंने कहा कि लोगों को टीके से जुड़े विज्ञान पर भरोसा और यह सुनिश्चित करना चाहिये कि उनके प्रियजनों को समय पर टीके लग जाएं। 

हर्षवर्धन ने रविवार को धर्मशिला नारायण अस्पताल के सहयोग से आयोजित दिल्ली चिकित्सा संघ (डीएमए) के 62वें वार्षिक दिल्ली राज्य चिकित्सा सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि देश में अब तक कोविड-19 के दो करोड़ से अधिक टीके लगाए जा चुके हैं और टीकाकरण दर बढ़कर प्रतिदिन 15 लाख हो गई है। 

उन्होंने कहा, ''दूसरे देशों के मुकाबले हमने कोविड-19 टीकों की तेजी से आपूर्ति की है, जो सुरक्षित हैं और उनकी प्रभावकारिता साबित हो चुकी है। प्रारंभिक परिणामों के आधार पर, भारत में निर्मित इन टीकों को दुनियाभर में लगाए जाने के बाद प्रतिकूल प्रभाव के बेहद कम मामले सामने आए हैं।'' 

उन्होंने कहा, ''भारत में कोविड-19 महामारी खात्मे की ओर बढ़ रही है। इस चरण में सफलता हासिल करने के लिये हमें तीन कदम उठाने की जरूरत है: कोविड-19 टीकाकरण अभियान को राजनीति से दूर रखें। कोविड-19 टीकों से जुड़े विज्ञान पर भरोसा करें और यह सुनिश्चित करें कि हमारे प्रिय जनों को समय पर टीके लगें।'' 

देश में कोरोना के 18711 नए केस मिले

देश में लगातार दूसरे दिन कोरोना वायरस संक्रमण के 18,000 से अधिक नए मामले सामने आए और इसी के साथ अब तक संक्रमित हुए लोगों की कुल संख्या बढ़कर 1,12,10,799 हो गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को बताया कि उपचाराधीन मरीजों की संख्या में लगातार पांचवें दिन बढ़ोतरी देखी गई है और देश में 1,84,523 लोगों का इलाज चल रहा है, जो संक्रमण के कुल मामलों का 1.65 प्रतिशत है।

मंत्रालय ने बताया कि संक्रमित हुए लोगों के स्वस्थ होने की दर गिरकर 96.95 प्रतिशत हो गई है। मंत्रालय द्वारा सुबह आठ बजे अद्यतन किए गए आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 18,711 नए मामले सामने आए तथा 100 और लोगों की मौत होने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 1,57,756 हो गई। 

इससे पहले 29 जनवरी को संक्रमण के नए मामलों की संख्या 18,855 थी। देश में संक्रमित हुए 1,08,68,520 लोग स्वस्थ हो चुके हैं, यानी देश में संक्रमितों के स्वस्थ होने की दर 96.95 प्रतिशत है, जबकि मृत्यदुर 1.41 प्रतिशत बनी हुई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।