1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. गरीबों को दिए जाएंगे 5-5 हजार रुपये, हरियाणा सरकार का बड़ा फैसला

गरीबों को दिए जाएंगे 5-5 हजार रुपये, हरियाणा सरकार का बड़ा फैसला

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : May 10, 2021 05:29 pm IST,  Updated : May 10, 2021 05:33 pm IST

कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के कारण लागू पाबंदियों के बीच गरीबों की मदद के लिए हरियाणा सरकार ने बड़ा फैसला लिया है।

Haryana Home Minister Anil Vij- India TV Hindi
Haryana Home Minister Anil Vij Image Source : PTI

चंडीगढ़: कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के कारण लागू पाबंदियों के बीच गरीबों की मदद के लिए हरियाणा सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। गरीबी रेखा से नीचे (BPL) के लोगों को राज्य सरकार 5 हजार रुपये देगी। इसकी जानकारी हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने दी।

अनिल विज ने कहा, "गरीबी रेखा से नीचे के परिवारों को 5000 रुपये देने का निर्णय लिया गया है क्योंकि उनकी आजीविका रुक गई है और उन्हें COVID-19 के बीच आइसोलेशन में रहना है। इसलिए, उन्हें काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था।"

17 मई तक राज्य में लॉकडाउन

गौरतलब है कि हरियाणा सरकार ने कोरोना वायरस संक्रमण के प्रसार की रोकथाम के लिए लॉकडाउन की अवधि को 17 मई तक बढ़ाए जाने की रविवार को घोषणा की। हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने ट्विटर पर कहा, ‘‘10 मई से 17 मई तक महामारी अलर्ट, सुरक्षित हरियाणा।’’ 

उन्होंने कहा कि राज्य में संक्रमण के प्रसार की रोकथाम के लिए कड़े उपाय किए जाएंगे। बाद में विज ने कहा कि राज्य में वर्तमान में लागू पाबंदियां 17 मई तक प्रभावी रहेंगी। पिछले सप्ताह हरियाणा सरकार ने राज्य में तीन मई से 10 मई (सुबह पांच बजे) तक लॉकडाउन लगाने की घोषणा की थी। 

रविवार देर रात जारी आधिकारिक आदेश में लॉकडाउन के निर्देश जारी करते हुए कहा गया कि शादी, अंतिम संस्कार में 11 से ज्यादा लोगों को इकट्ठा होने की अनुमति नहीं होगी। शादी घर पर या अदालत में हो सकती है और अधिकतम 11 लोग मौजूद रह सकते हैं। बारात ले जाने की अनुमति नहीं होगी। 

हरियाणा ने लॉकडाउन का उल्लेख ‘‘महामारी अलर्ट, सुरक्षित हरियाणा’’ के तौर पर किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने भी ट्वीट के माध्यम से इस बारे में सूचना दी। 

राज्य के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने अपने ट्वीट में कहा, ‘‘महामारी की दूसरी लहर की गंभीरता को देखते हुए मैं सभी से सरकार का सहयोग करने की अपील करता हूं जिससे कि हम बीमारी की कड़ी को तोड़ने में सफल हो सकें और विजयी बन सकें।’’ 

हरियाणा में रविवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 13,548 नए मामले सामने आने के साथ ही राज्य में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 6,15,897 हो गई जबकि 151 मरीजों की मौत के बाद मृतक संख्या 5,605 हो गई।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।