1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. हिमाचल प्रदेश: भूस्खलन की चपेट में आए 9 पर्यटकों की मौत, PM मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान

हिमाचल प्रदेश: भूस्खलन की चपेट में आए 9 पर्यटकों की मौत, PM मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 25, 2021 05:44 pm IST,  Updated : Jul 25, 2021 06:03 pm IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किन्नौर की दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों को PMNRF की ओर से 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया है।

हिमाचल प्रदेश में भयानक भूस्खलन, 9 पर्यटकों की मौत, तीन घायल- India TV Hindi
हिमाचल प्रदेश में भयानक भूस्खलन, 9 पर्यटकों की मौत, तीन घायल Image Source : TWITTER

किन्नौर (हिमाचल प्रदेश): हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में बड़ा हादसा हुआ। यहां भूस्खलन की चपेट में आने से नौ लोगों की मौत हो गई जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, किन्नौर में बटसेरी के गुंसा के पास भूस्खलन हुआ, जिसकी चपेट में पर्यटकों की गाड़ी आ गई। पर्यटक छितकुल से सांगला की ओर जा रहे थे। तभी रास्ते में हादसा हो गया। गाड़ी पर पत्थर गिरने से नौ की मौत हो गई जबकि तीन घायल हैं। 

बताया जा रहा है कि गाड़ी में सवार पर्यटक दिल्ली-NCR से हिमाचल घूमने आए थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। किन्नौर के डीसी आबिद हुसैन सादिक, एसपी एसआर राणा भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। उन्हें सीएचसी सांगला रेफर किया गया है। देखिए वीडियो-

भूस्खलन से गांव के लिए बास्पा नदी पर बना पुल भी टूट गया है। यह पुल गांव को देश दुनिया से जोड़ता था। प्राप्त जानकारी के अनुसार पहाड़ से भूस्खलन सहित चट्टानें गिरने से कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। घटना की जानकारी मिलने पर पीएम नरेंद्र मोदी ने दुख जताया। उनके कार्यालय की ओर से ट्वीट कर यह जानकारी दी गई है।

PMO ने ट्वीट किया, "हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में भूस्खलन से हुआ हादसा अत्यंत दुखद है। इसमें जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। दुर्घटना में घायल हुए लोगों के इलाज की पूरी व्यवस्था की जा रही है। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं: PM"

PMO ने एक अन्य ट्वीट में लिखा, "हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में एक दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों को PMNRF की ओर से 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे: पीएम"

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस घटना पर दुख जताया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने ट्वीट किया, "किन्नौर के बटसेरी में पहाड़ी दरकने से हुआ हादसा हृदयविदारक है। इसकी चपेट में आया पर्यटकों से सवार वाहन, जिसमें 9 की मृत्यु व 2 घायल तथा 1 अन्य राहगीर के घायल होने की खबर अत्यंत दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति तथा शोकग्रस्त परिवार को संबल प्रदान करें।"

एक अन्य ट्वीट में उन्होंने लिखा, "मैंने किन्नौर जिला प्रशासन से बात करके हादसे की जानकारी ली व उन्हें उचित दिशानिर्देश दिए। प्रशासन घटनास्थल पर राहत कार्य में जुट गया है तथा प्रभावितों को फौरी राहत प्रदान की जा रही है। घायल हुए व्यक्तियों को स्वास्थ्य लाभ शीघ्र प्राप्त हो, ईश्वर से यही कामना करता हूं। ॐ शांति!"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत