गया/पटना: बिहार के गया शहर में गाड़ी ओवरटेक करने को लेकर छात्र आदित्य सचदेवा की हत्या के मामले में गिरफ्तार जनता दल (युनाइटेड) की विधान पार्षद मनोरमा देवी के पति और उनके अंगरक्षक को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस हत्याकांड के खिलाफ विपक्ष ने बंद का ऐलान किया है। गया की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गरिमा मलिक ने सोमवार को बताया कि एमएलसी के पति बिंदी यादव और अंगरक्षक राजेश कुमार को गया की एक अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने दोनों को 14 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
इस बीच पटना में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने छात्र आदित्य की हत्या के मामले पर कहा कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून अपना काम कर रही है, कानून से ऊपर कोई नहीं है। मुख्यमंत्री आवास में 'जनता दरबार में मुख्यमंत्री' कार्यक्रम के बाद संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने कहा, "किसी को भी कानून को हाथ में लेने की इजाजत नहीं है। चाहे वह कोई भी हो। इस मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले में तत्काल कार्रवाई हो रही है।"
नीतीश ने कहा कि बिहार में कानून के मुताबिक काम हो रहा है। जांच के दौरान और किसी की भी संलिप्तता सामने आएगी, तब उस पर भी कार्रवाई होगी। गौरतलब है कि शनिवार देर रात बोधगया से लौट रहे जद (यू) विधान पार्षद मनोरमा देवी के बेटे रॉकी की गाड़ी लैंड रोवर कार को एक व्यवसायी के बेटे आदित्य सचदेवा ने ओवरटेक किया, जिसके बाद दोनों में कहासुनी हुई। इसी दौरान, रॉकी ने कथित तौर पर आदित्य को गोली मार दी। बुरी तरह घायल आदित्य की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
बिहार में छात्र की हत्या पर भाजपा का नीतीश पर हमला
बिहार में जनता दल (युनाइटेड) की एक नेता के बेटे द्वारा कथित तौर पर एक छात्र की हत्या का मुद्दा सोमवार को संसद से लेकर सड़क तक गूंजा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर बिहार में 'जंगलराज की वापसी' का आरोप लगाया।
केंद्रीय दूरसंचार मंत्री व भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने संसद के बाहर संवाददाताओं से कहा कि नीतीश कुमार देश का प्रधानमंत्री बनने का ख्वाब देखने में मस्त हैं और उधर राज्य में कानून-व्यवस्था उनके नियंत्रण से बाहर होती जा रही है। प्रसाद ने कहा, "प्रधानमंत्री पद के लिए लंबे समय तक कोई रिक्ति नहीं है। इसलिए श्रीमान नीतीश जी कृपया बिहार में शासन पर ध्यान केंद्रित कीजिए।"
लोकसभा में शून्यकाल के दौरान भाजपा के कई नेताओं ने बिहार में कानून-व्यवस्था खासकर जद (यू) की विधान पार्षद मनोरमा देवी के बेटे द्वारा एक छात्र की हत्या का मुद्दा उठाया।