नई दिल्ली: रविवार को मनाया जा रहा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के पूर्वाभ्यास के दौरान विभिन्न आसन करने के लिए हजारों लोग आज राजपथ पर एकत्र हुए। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस रविवार को मनाया जाएगा।
समारोह का समन्वय कर रहे आयुष मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न स्कूलों के छात्रों और एनसीसी कैडेट समेत करीब 12,000 लोगों ने योगासन का अभ्यास किया।
पूर्वाभ्यास सुबह सात बजे शुरू होकर सुबह सात बजकर 33 मिनट पर समाप्त हुआ। रविवार को भी इसी समय योग किया जाएगा। राजपथ में 23 विशाल एलईडी स्क्रीन लगाई गई है ताकि पूर्वाभ्यास में भाग ले रहे लोग आसन देख सकें।
आयुष मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, केंद्रीय राज्य आयुष मंत्री श्रीपद नाइक और मंत्रालय के कई वरिष्ठ अधिकारी भी इस मौके पर मौजूद थे और उन्होंने पूर्वाभ्यास के दौरान तैयारियों का जायजा लिया।
21 जून को होने वाले इस समारोह में सरकारी अधिकारियों, एनसीसी कैडेट, राजनयिकों और अन्यों समेत 35,000 से अधिक लोगों के भाग लेने की उम्मीद है।
संयुक्त राष्ट्र ने गत वर्ष दिसंबर में 21 जून को अंंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया था और इस संबंधी प्रस्ताव के समर्थन में 177 देशों ने मत दिया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गत वर्ष सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने पहले संबोधन में यह प्रस्ताव रखा था। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय राजधानी में योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।