Wednesday, March 11, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. ममता बनर्जी से लेकर तमाम राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने सुषमा स्वराज के निधन पर दुख जताया

ममता बनर्जी से लेकर तमाम राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने सुषमा स्वराज के निधन पर दुख जताया

Written by: IndiaTV Hindi Desk Published : Aug 07, 2019 01:49 am IST, Updated : Aug 07, 2019 01:49 am IST

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों और नेताओं ने मंगलवार रात पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के आकस्मिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया।

Including Mamata Banerjee many leaders condole Swaraj's...- India TV Hindi
Image Source : AP Including Mamata Banerjee many leaders condole Swaraj's death

नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार रात पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के आकस्मिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। बनर्जी ने स्वराज को एक उत्कृष्ट राजनीतिज्ञ, एक अच्छा इंसान बताया और कहा कि उनके साथ उन्होंने ‘‘संसद में कई अच्छे पल बिताए।’’

मुख्यमंत्री ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, ‘‘सुषमा स्वराज जी के आकस्मिक निधन पर गहरा दुख हुआ, 1990 के दशक से ही मैं उन्हें जानती थी। भले ही हमारी विचारधाराएँ भिन्न थीं, हमने संसद में कई सौहार्दपूर्ण पल साझा किए। एक उत्कृष्ट राजनेता, अच्छी इंसान। उनकी कमी खलेगी। बनर्जी इस समय चेन्नई में हैं।

दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भी सुषमा स्वराज के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। बैजल ने कहा कि स्वराज एक साहसी, दूरदर्शी और मानवीय नेता थीं, जिनकी याद सभी को आएगी। बैजल ने ट्वीट किया, ‘‘सुषमाजी के दुखद असामयिक निधन के बारे में जानकर बेहद दुख हुआ। एक साहसी, दूरदर्शी और मानवीय नेता। वह सभी को याद आएंगी। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें।’’ 

वहीं, दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि भारतीय राजनीति में सुषमा स्वराज का योगदान अमर रहेगा। स्वराज का 67 वर्ष की आयु में मंगलवार रात अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में निधन हो गया। इसके अलावा तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने भी सुषमा स्वराज के निधन पर दुख व्यक्त किया। 

मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव के कार्यालय से जारी एक विज्ञप्ति में उन्होंने विभिन्न भूमिकाओं में देश के लिए की गई उनकी सेवाओं की प्रशंसा की। राव ने शोकसंतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने शोक व्यक्त करते हुए सांसद और विदेश मंत्री के तौर पर इस लोकप्रिय नेता के योगदान की सराहना की।

पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवगौड़ा ने ट्वीट किया, ‘‘पूर्व केंद्रीय मंत्री, दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री सुषमा स्वराज जी के निधन से गहरा दुख हुआ है। हमारे राष्ट्र को नुकसान हुआ है। ईश्वर उनके परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति दें।’’ 

मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने स्वराज के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘राष्ट्र ने आज सबसे मजबूत नेताओं में से एक और भारत के सबसे अच्छे प्रवक्ताओं में से एक को खो दिया है। विदेश मंत्री के रूप में उनका काम शानदार रहा और एक राजनीतिज्ञ के रूप में उन्होंने कई महिलाओं को राजनीति में प्रवेश करने के लिए प्रेरित किया। उनकी आत्मा को शांति मिले। ऊँ शांति।’’ 

पूर्व मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी ने ट्वीट किया, ‘‘दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज जी के आकस्मिक निधन के बारे में जानकर स्तब्ध हूं। उनकी आत्मा को शांति मिले। उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं।’’ 

पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने कहा कि उन्हें यह जानकर गहरा धक्का लगा है कि पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज अब नहीं रहीं। केंद्रीय मंत्री डी वी सदानंद गौड़ा, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश गुंडू राव, कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष ईश्वर खांडरे और कई वरिष्ठ नेताओं स्वराज के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

(इनपुट- भाषा)

Latest India News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत

Advertisement
Advertisement
Advertisement