1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. विजय माल्या को वापस लाने के लिए UK की अदालत को यह बताएगा भारत!

विजय माल्या को वापस लाने के लिए UK की अदालत को यह बताएगा भारत!

 Reported By: Bhasha
 Published : Nov 26, 2017 02:33 pm IST,  Updated : Nov 26, 2017 02:33 pm IST

भारत फरार कारोबारी विजय माल्या को वापस लाने के लिए ब्रिटेन की अदालत को बताएगा कि...

Vijay Mallya | PTI Photo- India TV Hindi
Vijay Mallya | PTI Photo

नई दिल्ली: भारत फरार कारोबारी विजय माल्या को वापस लाने के लिए ब्रिटेन की अदालत को बताएगा कि यदि उन्हें कानून का सामना करने के लिए भारत प्रत्यर्पित किया जाता है तो उन्हें मुंबई में आर्थर रोड जेल में रखा जाएगा। माल्या बैंकों के समूह का 9,000 करोड़ रुपये का कर्ज नहीं चुकाने के मामले में आरोपी हैं। गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि क्राउन प्रॉसिक्यूशन सर्विस (CPS) के जरिए भारत अगले हफ्ते ब्रिटेन की अदालत को इस बारे में सूचित करेगा। माल्या के प्रत्यर्पण मामले पर भारत सरकार की ओर से CPS बहस कर रहा है।

लंदन के वेस्टमिंस्टर मेजिस्ट्रेट्स कोर्ट को बताया जाएगा कि कैदियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना राज्य का कर्तव्य है और जान को खतरे की माल्या की आशंका भ्रम फैलाने की कोशिश है। एक अधिकारी के मुताबिक, अदालत को बताया जाएगा कि भारत में कैदियों की स्थिति दुनिया के किसी भी अन्य देश की तरह ही है और भारत की जेलों में कैदियों के अधिकार पूरी तरह सुरक्षित हैं। माल्या के वकील ने कहा था कि फरार कारोबारी का भारत में प्रत्यर्पण किया जाता है तो उनकी जान को खतरा हो सकता है। उन्होंने कहा था कि भारतीय जेलों में मानवाधिकार उल्लंघनों की कथित घटनाएं भी हुई हैं।

वेस्टमिंस्टर मेजिस्ट्रेट्स कोर्ट प्रत्यर्पण कार्रवाई 4 दिसंबर से प्रारंभ करेगा। लंदन की अदालत को बताया जाएगा कि माल्या को कोई खतरा नहीं होगा। उन्हें आर्थर रोड जेल में रखा जाएगा जहां अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप उच्च स्तर की सुरक्षा है। अधिकारी ने कहा कि इस तरह के आरोप लगाकर माल्या प्रत्यर्पण से बचना चाहते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत