1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. #IndiaTVSamvaad: कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा, 'जनादेश का अपमान करके लोकतंत्र का सम्मान नहीं हो सकता'

#IndiaTVSamvaad: कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा, 'जनादेश का अपमान करके लोकतंत्र का सम्मान नहीं हो सकता'

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : May 19, 2018 07:32 pm IST,  Updated : May 19, 2018 07:40 pm IST

केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि लोकतंत्र लोकलाज से चलता है। जनादेश का अपमान करके लोकतंत्र का सम्मान नहीं हो सकता।

IndiaTVSamvaad Ravishankar Prasad- India TV Hindi
IndiaTVSamvaad Ravishankar Prasad Image Source : INDIA TV

नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि लोकतंत्र लोकलाज से चलता है। जनादेश का अपमान करके लोकतंत्र का सम्मान नहीं हो सकता। वे आज दिनभर चलनेवाले इंडिया टीवी के कॉन्क्लेव इंडिया टीवी संवाद में बोल रहे थे। केंद्रीय मंत्री प्रसाद ने कहा कि कर्नाटक विधानसभा से जुड़े सवाल पर कहा कि किसका बहुमत है यह विधानसभा में फ्लोर पर तय होता है। देश को वही चलाएगा जिसे जनता का आशीर्वाद मिला है। उनके मुख्‍यमंत्री दो जगह से लड़ते हैं एक जगह 36 हजार वोट से हारते है और एक जगह साढ़े सोलह हजार से जीतते हैं,उनके 16 मंत्री हार जाते हैं फिर भी दम की सरकार हम ही बनाएंगे“ 

रविशंकर प्रसाद ने आगे कहा कि '1989 में बोफोर्स केस के भ्रष्‍टाचार के बाद हुए चुनाव में राजीव गांधी को 191 सीट मिली थी,जिनको1984 में 400 सीट मिलीं थी, और उन्‍होंने कहा था कि बहुमत हमारे पक्ष में नहीं है हम भले बड़ी पार्टी हो, वीपी सिंह प्रधानमंत्री बनें जिनको भाजपा ने समर्थन दिया, ये होता है लोकलाज।'

वहीं विधायकों की खरीद-फरोख्त के आरोप पर उन्होंने कहा, 'हमपर आया राम गया राम पर आरोप लगा रहे हैं। कांग्रेस के एक बड़े नेता के रिजार्ट में विधायकों को लॉक करके रखा गया है। आपको अपने विधायकों पर विश्वास नहीं है। जनादेश का यही अपमान है।'

राहुल गांधी की भारत की तुलना पाकिस्तान से करने के सवाल पर रविशंकर  कहा कि चुनाव में हम हारेंगे या जीतेंगे लेकिन देश की इज्जत के लिए हमें एकजुट रहना होगा। राहुल गांधी ने भारत की तुलना पाकिस्तान से करके पाकिस्तान को मजबूत किया है। कांग्रेस पार्टी के लोग अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष को समझाएं। 

 
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि जिस कांग्रेस पार्टी ने सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस के लिए महाभियोग लाया था उसने आधी रात को न्याय के लिए अपना दरवाजा खोल दिया।

उन्होंने कहा, जजों को सुपरसीड करने का काम किसने किया? जस्टिस एचआर खन्ना ने इमरजेंसी के दौरान कहा कि इंसान की आजादी पर समझौता नहीं हो सकता.. राहुल गांधी जी की दादी जी ने उन्हें दो महीने के लिए भी चीफ जस्टिस नहीं बनने दिया। राहुल गांधी होमवर्क नहीं करते हैं, उनको समझाइये की वे अपना होमवर्क सही तरीके से करें। 

न्यायपालिका और जजों की नियुक्ति के सवाल पर रविशंकर प्रसाद ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले में ही लिखा है कि  सरकार को कॉलेजियम के निर्णय पर पुनर्विचार करने का अधिकार है। हम उस अधिकार का उपयोग कर रहे हैं तो उसपर भी लोगों को आपत्ति है जो कि नहीं होनी चाहिए। न्यायपालिका की नियुक्ति में पारदर्शिता होनी चाहिए। न्यायपालिका की स्वायत्ता का सम्मान होना चाहिए। जस्टिस जोसेफ से जुड़े एक सवाल पर उन्होंने कहा कि उनसे जुड़े फैसले का उत्तराखंड के फैसले से कोई लेना-देना नहीं है। 

बिहार में जेडीयू और बीजेपी के गठबंधन के सवाल पर रविशंकर प्रसाद ने कहा, 'नीतीश कुमार ने जब भ्रष्टाचार पर जवाब मांगा तब लालू जी ने जवाब नहीं दिया। नीतीश कुमार ने कहा कि मैं भ्रष्टाचार से समझौता नहीं कर सकता और हमसे समर्थन मांगा। हमने उन्हें समर्थन दे दिया। अब एक साल बाद कांग्रेस की शह पर वे फिर से सरकार बनाने का दावा कर रहे हैं।' 

तीन तलाक से जुड़े सवाल पर रविशंकर प्रसाद ने कहा, 'तीन तलाक का विषय न पूजा का है, न प्रार्थना का है, न इबादत का है, ये विषय नारी न्याय, नारी गरिमा और नारी के सम्मान का है। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद भी तलाक हो रहा है। दुनिया के 22 इस्लामिक मुल्कों में अगर तीन तलाक खत्म हो सकता है तो फिर भारत जैसे सेक्युलकर देश में क्यों नहीं खत्म हो सकता।' 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत