इंदौर: अपने क्षेत्र की जनता के दुख दर्द को अफसरशाही तक पहुंचाने के लिए एक विधायक को बिजली के खंभे पर चढ़ना पड़ा। कांग्रेस के विधायक जीतू पटवारी के इस कदम के बाद नगर निगम के अफसर जागे और समस्याओं को सुलझाने का आश्वासन दिया।
इंदौर शहर के खंडवा रोड़ पर स्थित लिंबोदी इलाके के रहवासी नर्मदा पाइप लाइन, स्ट्रीट लाइट और सफाई व्यवस्था को लेकर लंबे समय से परेशानी झेल रहे हैं। नगर निगम को कई बार शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर रविवार सुबह से ही सैकड़ों लोग विरोध दर्ज कराने के लिए सड़कों पर उतर आए।
इस दौरान स्थानीय कांग्रेसी विधायक जीतू पटवारी भी वहां पहुंच गए। जनता के साथ विरोध का स्वर बुलंद करने के बाद विधायक सीढ़ी लगाकर बिजली के खंभे पर चढ़ गए। विधायक के तेवर और रहवासियों का विरोध देखते हुए नगर निगम के अधिकारियों का एक दल तुरंत लिंबोदी पहुंच गया। उन्होंने रहवासियों को सोमवार से सारी समस्याओं को हल करने का भरोसा दिया। अधिकारियों से मिले आश्वासन के बाद रहवासियों ने अपना विरोध प्रदर्शन स्थगित कर दिया।