नई दिल्ली: आतंकी संगठन ISIS ने भारत को धमकी देते हुए 22 मिनट का वीडियो जारी किया है। 20 मई पहला ऐसा वीडियो सामने आया है जिसमें ISIS की तरफ से भारत या साउथ एशिया के देशों को धमकी दी गई है। इस वीडियो में महाराष्ट्र के थाणे में रहने वाले फहाद तनवीर शेख को दिखाया गया है, जो 2014 में सीरिया भाग गया था। शेख ने कहा कि, 'भारत के लोगों के पास तीन ऑप्शन हैं, या तो इस्लाम कबूल कर लो, जजिया कर दो या फिर नरसंहार के लिए तैयार हो जाओ।'
वीडियो में फहाद शेख कहता है, 'हम वापस आएंगे, पर हाथ में तलवार लेकर। बाबरी मस्जिद, कश्मीर, गुजरात और मुजफ्फरनगर में मारे गए मुसलमानों का बदला लेने।' वीडियो में शेख यह भी बताता है कि भारत से उसके साथ आया शमीम टंकी रक्का में हुए हवाई हमले में मारा गया।
इस वीडियो का ज्यादातर हिस्सा अरबी भाषा में शूट किया गया है। आतंकी भारत और पाकिस्तान को 'हिंद वल सिंध' के नाम से बुलाते हैं और हिंदुओं को 'गाय की पूजा' करने वाले के नाम से। वीडियो की शुरुआत में मध्यकालीन वक्त में मुहम्मद बिन कासिम का जिक्र किया गया है। आतंकी उसे इस्लामिक राज्य की स्थापना करने वाला मानते हैं।
वीडियो में एक जगह आतंकी कहता है कि गाय की पूजा करने वाले ही मुंबई, गुजरात, असम और मुरादाबाद में मुसलमानों के खिलाफ हुई हिंसा के जिम्मेदार हैं।
वीडियो में मुस्लिम राजनेताओं पर भी निशाना साधा गया है। औवेसी समेत कई बड़े मुस्लिम नेताओं पर मुसलमानों के खिलाफ हुए अत्याचार को सहने का आरोप लगाया गया है। वहीं इस्लाम की परिभाषा बताते हुए आतंकी कहता है, 'जो लोग कहते हैं कि इस्लाम शांति का धर्म है, उन लोगों की मत सुनो। इस्लाम किसी एक दिन के लिए भी शांति का धर्म नहीं बन सकता। पैगंबर ने कहा था कि तबतक लड़ते रहो, जबतक अल्लाह का राज स्थापित ना हो जाए। '
IS के अलावा वीडियो में इंडियन मुजाहिद्दीन के आतंकियों को भी दिखाया गया है। माना जा रहा है कि इस संगठन ने पाकिस्तान में अपने समर्थकों का साथ छोड़कर IS का साथ दे रहा है।
2014 में फहाद तनवीर शेख के साथ 3 और लोग सीरिया भाग गए थे। जिसमें से आरिब मजीद भागकर वापस भारत आ गया था। आरिब इस वक्त NIA की हिरासत में है।
कौन है फहाद शेख?
27 साल का फहाद इंजीनियरिंग का स्टूडेंट था
मुंबई के कल्याण इलाके में अपने परिवार के साथ रहता था
घर से झूठ बोलकर सीरिया भागा था
भारत से सीरिया जाकर IS में शामिल हुआ आतंकी है
मई 2014 में तीन साथियों के साथ IS में शामिल हुआ
फहाद के साथ गए आतंकियों में से 1 की मौत
शाहीन टनकी की सीरिया के रक्का में मौत
फहाद का एक साथी अरीफ मजीद भारत वापस लौटा