श्रीनगर: आईएसआईएस का झंडा थामे युवकों के एक समूह ने जबरन यहां के ऐतिहासिक जामा मस्जिद में घुसकर हंगामा किया। मस्जिद की प्रबंधन समिति और अलगाववादियों ने इस घटना की निंदा की। अधिकारियों ने बताया कि घटना जुमे की नमाज के बाद उस वक्त हुई जब अधिकतर लोग मस्जिद से जा चुके थे। उन्होंने बताया कि इन युवकों को बाद में मस्जिद में मौजूद लोगों ने भगा दिया। घटना का वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
Related Stories
अधिकारियों ने बताया कि हुर्रियत कांफ्रेंस के उदारवादी धड़े के अध्यक्ष मीरवाइज उमर फारुक ने मस्जिद में जुमे का उपदेश दिया था और वह भी घटना से पहले वहां से रवाना हो चुके थे। अधिकारी ने बताया, ‘‘नकाब पहने कुछ युवक जबरन मस्जिद के अंदर घुस गये और उस मंच की ओर बढ़ने लगे जहां मीरवाइज ने उपदेश दिया था। इनमें से एक मंच पर चढ़कर नारे लगाने लगा। उन्होंने आईएसआईएस का झंडा लिया हुआ था।’’
युवकों को इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने भगा दिया। ‘अंजुमान औकाफ जामा मस्जिद’ की प्रबंध समिति ने इस घटना की निंदा की है। ज्वाइंट रेसिसटांस लीडरशिप (जेआरएल) के बैनर तले अलगाववादियों ने भी इस घटना की निंदा की। जेआरएल में मीरवाइज सैयद अली गिलानी और मोहम्मद यासिन मलिक भी शामिल हैं।