1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. जम्मू-कश्मीर: बारामूला में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में सेना का एक अधिकारी घायल

जम्मू-कश्मीर: बारामूला में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में सेना का एक अधिकारी घायल

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 04, 2020 09:36 am IST,  Updated : Sep 04, 2020 09:46 am IST

जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में शुक्रवार को आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में सेना का एक अधिकारी घायल हो गया।

kashmir, encounter- India TV Hindi
जम्मू-कश्मीर: बारामूला में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में सेना का एक अधिकारी घायल  Image Source : ANI

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में शुक्रवार को आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में सेना का एक अधिकारी घायल हो गया। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिलने पर सुरक्षा बलों ने उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले में पट्टन इलाके के येदिपोरा में घेराबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया था।

उन्होंने बताया कि आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी की जिससे अभियान मुठभेड़ में तब्दील हो गया। सुरक्षा बलों ने भी उनकी गोलीबारी का मुंह तोड़ जवाब दिया। अधिकारी ने बताया कि शुरुआती गोलीबारी में सेना का एक अधिकारी घायल हो गया। उन्हें इलाज के लिए ‘92 बेस अस्पताल’ में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ जारी है और अतिरिक्त बल को भी मौके पर भेजा गया है। विस्तृत जानकारी का इंतजार है। 

 'हिट लिस्ट' तैयार करने वालों की पहचान के लिए जांच शुरूः जम्मू-कश्मीर पुलिस 

जम्मू कश्मीर पुलिस ने बृहस्पतिवार को कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही राजनीतिक कार्यकर्ताओं और सुरक्षा बलों की 'हिट लिस्ट' को तैयार करने वालों की पहचान करने के लिए छानबीन शुरू कर दी गई है। पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि इस बाबत एक प्राथमिकी दर्ज की गई है और पूर्ण आपराधिक जांच शुरू की गई है जिसमें तकनीकी टीमों की मदद ली जा रही है। उन्होंने कहा कि उन लोगों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है जिन्होंने “ विषयवस्तु तैयार’’ की है। साथ में उनका भी पता लगाया जा रहा है जो आतंकवादी नेटवर्क की संचार प्रणालियों को बनाए रखने के लिए अपने कनेक्शन और खातों के इस्तेमाल की अनुमति दे रहे हैं।

प्रवक्ता ने बताया कि सीमा पार बैठे आकाओं के निर्देश पर काम कर रहे ”आतंकवादी नेताओं” ने अपने सक्रिय समर्थकों के साथ मिलकर साजिश रची और नागरिकों, कार्यकर्ताओं, राजनीतिक कार्यकर्ताओं तथा सुरक्षा कर्मियों की ”हिट लिस्ट” तैयार की जिसमें उनके नाम तथा विवरण हैं।

इनपुट-भाषा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत