1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. जम्मू-कश्मीर में कोरोना वायरस के 99 नए केस मिले, 3 मरीजों की मौत

जम्मू-कश्मीर में कोरोना वायरस के 99 नए केस मिले, 3 मरीजों की मौत

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 13, 2021 11:22 pm IST,  Updated : Mar 13, 2021 11:22 pm IST

जम्मू-कश्मीर में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के 99 नए मामले सामने आए, जिससे केंद्र शासित प्रदेश में शनिवार को संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 1,27,535 हो गई।

जम्मू-कश्मीर में कोरोना वायरस के 99 नए केस मिले, 3 मरीजों की मौत- India TV Hindi
जम्मू-कश्मीर में कोरोना वायरस के 99 नए केस मिले, 3 मरीजों की मौत Image Source : PTI

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के 99 नए मामले सामने आए, जिससे केंद्र शासित प्रदेश में शनिवार को संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 1,27,535 हो गई। इस दौरान तीन मरीज की मौत हुई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार सामने आए नए मामलों में से 24 जम्मू मंडल जबकि 75 कश्मीर मंडल से हैं। 

अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर जिले में सर्वाधिक 42 मामले मिले जबकि जम्मू जिले में यह आंकड़ा 14 रहा। उन्होंने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश में फिलहाल 881 मरीज उपचाराधीन हैं, जबकि 1,24,680 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। अधिकारियों ने बताया कि इस केंद्रशासित प्रदेश में इस महमारी के चलते अबतक 1,974 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।

देश में कोविड-19 के 24882 नए मामले सामने आए

भारत में शनिवार को कोविड-19 के 24,882 नए मामले सामने आए। यह एक दिन में इस साल मरीजों की सर्वाधिक संख्या है। इसके साथ ही देश में अबतक कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की कुल संख्या 1,13,33,728 हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक नए मामलों की संख्या गत 83 दिन में सबसे अधिक है। इससे पहले 20 दिसंबर को 26,624 लोगों के 24 घंटे में संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी।

मंत्रालय द्वारा शनिवार सुबह आठ बजे अद्यतन किए गए आंकड़ों के मुताबिक गत 24 घंटे में 140 कोविड-19 मरीजों की मौत हुई है जिन्हें मिलाकर अबतक देश में इस महामारी से 1,58,446 लोगों की जान जा चुकी है। आंकड़ों के मुताबिक देश में इस समय 2,02,022 मरीज उपचाराधीन हैं जो कुल संक्रमितों का 1.74 प्रतिशत है। वहीं, नए मामलों में बढ़ोतरी की वजह से मरीजों के ठीक होने की दर में भी गिरावट आई है और यह 96.82 प्रतिशत पर पहुंच गई है। 

मंत्रालय के मुताबिक देश में कोविड-19 से ठीक होने वालों की संख्या बढ़कर 1,09,73,260 हो गई है । वहीं, संक्रमितों में मृत्युदर 1.40 प्रतिशत है। मंत्रालय ने बताया कि गत 24 घंटे में देश में 140 लोगों की मौत कोविड-19 से हुई है। इनमें सबसे अधिक 56 मरीजों की मौत महाराष्ट्र में हुई है जबकि पंजाब एवं केरल में क्रमश: 34 और 14 मरीजों की जान गई है। पिछले साल कोविड-19 महामारी शुरू होने से अबतक देश में कुल 1,58,446 लोगों की मौत वायरस के संक्रमण से हुई है।

देश में कुल हुई मौतों में महाराष्ट्र के 52,723, तमिलनाडु के 12,539, कर्नाटक के 12,386, दिल्ली के 10,936, पश्चिम बंगाल के 10,287, उत्तर प्रदेश के 8,743 और आंध्र प्रदेश के 7,180 मरीज शामिल हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अभी तक जिन लोगों की मौत हुई है उनमें से 70 प्रतिशत से ज्यादा मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत