1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. जाट आंदोलन: हरियाणा में हाहाकार, अब तक 7 लोगों की मौत

जाट आंदोलन: हरियाणा में हाहाकार, अब तक 7 लोगों की मौत

 Written By: India TV News Desk
 Published : Feb 20, 2016 04:01 pm IST,  Updated : Feb 20, 2016 11:47 pm IST

नई दिल्ली: आरक्षण की मांग पर अड़े जाट समुदाय के आंदोलन की वजह से हरियाणा में हाहाकार मचा है। 8 शहरों में सेना पहुंच चुकी है और हालात को सुधारने में जुटी है। लेकिन अब

jat andolan- India TV Hindi
jat andolan

नई दिल्ली: आरक्षण की मांग पर अड़े जाट समुदाय के आंदोलन की वजह से हरियाणा में हाहाकार मचा है।  8 शहरों में सेना पहुंच चुकी है और हालात को सुधारने में जुटी है। लेकिन अब तक हालात पर पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका है। कैथल में भी प्रदर्शनकारियों ने रोडवेज बसों को खूब निशाना बनाया। कई बसों को आग के हवाले कर दिया गया।

आंदोलन का असर

  • 200 करोड़ रुपए से ज्यादा का नुकसान
  • पूरे हरियाणा में चक्का जाम
  • सड़क और रेल यातायात सबसे ज्यादा प्रभावित
  • हरियाणा से गुजरने वाली ट्रेनों पर असर
  • अब तक 550 से ज्यादा ट्रेनें रद्द
  • हजारों बसों-ट्रकों को रोका गया
  • कई शहरों में हिंसक प्रदर्शन किया गया
  • हिंसा के दौरान अब तक 7 लोगों की मौत
  • गाड़ियों-होटलों को आग के हवाले किया गया
  • जींद, हिसार, पानीपत, सोनीपत में सेना ने मोर्चा संभाला
  • रोहतक, कैथल, झज्जर, और भिवानी में सेना तैनात
  • पूरे राज्य में धारा-144 लागू

गृहमंत्री राजनाथ सिंह के घर पर हुई हाईलेवल बैठक

राज्य के 21 में से 8 जिलों में हालात सबसे खराब है। कई जगहों पर कर्फ्यू के बाद भी हालात बेकाबू हैं और आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं। हालात पर काबू पाने के लिए सेना ने कई शहरों में फ्लैगमार्च भी किया है। चंडीगढ़ से लेकर दिल्ली तक बैठकों का दौर जारी है। हालात की समीक्षा के लिए गृहमंत्री राजनाथ सिंह के घर पर एक अहम बैठक हुई। इस बैठक में कैबिनेट के सभी बड़े मंत्री मौजूद थे। वित्त मंत्री अरुण जेटली, रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर, नितिन गडकरी और किरण रिजिजू भी मीटिंग में मौजूद थे।

प्रशासन की सख्ती के बावजूद हरियाणा में आगजनी की घटनाएं हो रही है। शायद ही ऐसा कोई शहर होगा जहां हंगामा नहीं बरपा होगा। जाट आरक्षण की आग बहुत तेजी से पूरे हरियणा में फैली है और अब इस आग से हारियाणा में हाहाकार मच गया है। पूरा राज्य में एक ऐसे मसले पर विरोध पर्दर्शन हो रहा है जिसका तत्काल इलाज राज्य सरकार के पास भी नहीं नजर आ रहा है। पूरे राज्य में धारा 144 लागू है बावजूद इसके हंगामा थमने का नाम नहीं ले रहा है। रोहतक, झज्जर, भिवानी और जींद में कर्फ्यू लागू है।

ये आग कब बुझेगी ?

सबसे बुरी हालत रोहतक की है। यहां भीड़ बेकाबू नजर आ रही है और प्रशासन लाचार। प्रशासन के तमाम कोशिशों के बावजुद भी हुड़दंगियों पर काबू नहीं हो पा रहा है। रोहतक में आज फिर आगजनी की कई घटनाएं सामने आई हैं। आरक्षण की मांग करने वाले प्रदर्शनकारियों ने आज एक पेट्रोल पंप, कम्यूनिटी सेंटर और बीडीओ ऑफिस को आग के हवाले कर दिया। इतना ही नहीं रोडवेज की बसों को भी निशाना बनाया गया और उसमें भी आग लगा दी गई। इसके पहले बीती रात भी रोहतक के कई इलाको में जबर्दस्त तोड़फोड़ और आगजनी की गई।

रोहतक, झज्जर, भिवानी और जींद में कर्फ्यू लागू है। आपात स्थिति से निपटने के लिए सेना ने मोर्चा संभाल रखा है। सेना के आने के बाद से बिगड़े हालात पर भी काबू पाया जा रहा है लेकिन अब भी कई ऐसे इलाके हैं जहां उपद्रवियों ने हालात खराब कर रखे हैं।

दिल्ली पहुंची जाट आंदोलन की आग

दिल्ली के पास सिंधु बॉर्डर के पास भी जाट आंदोलन का असर दिख रहा है। ओबीसी में शामिल करने की मांग को लेकर बड़ी तादाद में जाट सड़़कों पर हैं। प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर दिया है इस वजह से दिल्ली आने वाली कई गाड़ियां बॉर्डर पर ही खड़ी है। जाम में ट्रकों के फंसने से आने वाले दिनों में दिल्ली में जरुरी सामानों की किल्लत हो सकती है।

जाट आंदोलन की आग में हरियाणा के कई और शहर जल रहे हैं और अब ये आग दिल्ली के आसपास के इलाकों में भी पहुंच गई है। एनसीआर के गुड़गांव और फरीदाबाद के साथ-साथ सिंधु बॉर्डर, जींद, चडीगढ़ में भी हालात बेहद खराब हो गए है। गुड़गांव के हालात बेहद खराब हैं। आरक्षण की मांग करने वाले लोग सड़कों पर डेरा डाले बैठे हैं। रोड जाम है और प्रदर्शनकारी कुर्सी-टेबल लेकर सड़क पर बैठ गए हैं। गुड़गाव में रेलवे ट्रैक पर भी आंदोलनकारियों का कब्जा है।

CM खट्टर ने की आंदोलनकारियों से अपील

हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर ने आंदोलनकारियों से शांति की अपील की है। सीएम खट्टर ने ये साफ किया है कि आरक्षण की मांग कर रहे आदोलनकारियों की मांगे मानी जाएंगी और आरक्षण के बीच में आ रहे रूकावटों को दूर किया जाएगा। इसके साथ ही खट्टर ने लोगों से शांति बरतने की अपील की है और कहा है कि सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान नहीं पहुंचाना चाहिए।

आगे की स्लाइड में देखे वीडियो-

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत