नई दिल्ली: JNU में देशद्रोह के मुख्य आरोपी उमर खालिद और उसके चार साथी जेएनयू कैंपस लौट आए हैं। उम्मीद की जा रही है कि ये कभी भी सरेंडर कर सकते हैं। उमर खालिद के साथ रामा नागा, प्रकाश अंबेडकर, अनिर्बान भट्टाचार्य और आशुतोष कुमार रविवार शाम 6 बजे JNU में देखे गए। इसके बाद रात 9 बजे ये सभी लोग एडमिन ब्लॉक पर इकट्ठा हुए जहां 300 छात्रों के सामने देशद्रोह के आरोपी इन सभी छात्रों ने भाषण दिया। सबसे पहले रामा नागा और सबसे बाद में उमर खालिद ने भाषण दिया। सभी छात्रों ने कहा कि, उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया बल्कि डॉक्टर्ड वीडियो का इस्तेमाल कर उन्हें फंसाया गया।
उमर ने यहां कहां कि, उसे मुस्लिम होने के कारण परेशान किया जा रहा है। उमर ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपो को निराधार बताया और कहा कि उसने देश विरोधी बातें नहीं कही। इस दौरान पूरी रात JNU के पास पुलिस डटी रही। पुलिस ने उनके बारे में सूचना मिलने के बाद एक टीम को वहां के लिए रवाना कर दिया लेकिन छात्रों ने कहा, वे आत्मसमर्पण नहीं करेंगे, बल्कि पुलिस आकर उन्हें गिरफ्तार कर सकती है।
उमर खालिद, अनिर्बन भट्टाचार्य, रामा नागा, आशुतोष कुमार और अनंत प्रकाश जो राजद्रोह के मामले में जेएनयू छात्र संघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार की 12 फरवरी को गिरफ्तारी के बाद से लापता हो गए थे।
आशुतोष के अनुसार, वे जांच में मदद के मद्देनजर वापस आए हैं। छात्रों और दुनियाभर से हमें जो अपार समर्थन मिला है उसने हमें ताकत दी है। मैं, रामा, अनिर्बन और अनंत आस-पास ही थे लेकिन भीड़ के पीट-पीटकर मारने पर उतारू होने के माहौल की वजह से हम सामने नहीं आए। उन्होंने कहा कि वे चारों उमर खालिद के संपर्क में नहीं थे और उससे उनकी कार्यक्रम के दिन 9 फरवरी को बातचीत हुई थी।
उन्होंने कहा, कि छात्र दिल्ली में ही थे और रविवार की शाम को लौटने का फैसला व्यक्तिगत तौर पर किया गया, न कि सामूहिक तौर पर। हमने कुछ भी गलत नहीं किया, बल्कि डॉक्टर्ड वीडियो का इस्तेमाल करके हमें फंसाया गया। हम अब कहीं नहीं जाएंगे और विश्वविद्यालय को राष्ट्रविरोधी के तौर पर पेश किए जाने के खिलाफ आंदोलन का हिस्सा बनेंगे।
इस बीच विश्वविद्यालय के कुलपति जगदीश कुमार ने कहा कि फिलहाल पुलिस और मीडिया के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है और इस संबंध में फैसला कल सुबह किया जाएगा।
विश्वविद्यालय के सूत्रों ने बताया कि कुछ अन्य छात्रों जिनके बारे में पुलिस ने अधिकारियों से सूचना मांगी थी वो भी कैंपस में दिखाई पड़े। इन छात्रों में रियाज और रूबीना शामिल हैं।
JNU छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया और डीयू के पूर्व प्रोफेसर एस.आर. गिलानी के अवमानना मामले की सुप्रीम कोर्ट में आज सुनवाई भी होगी।