बेंगलुरु: कर्नाटक के पशुपालन मंत्री प्रभु चव्हाण कोविड-19 से संक्रमित पाए गए हैं। आधिकारिक सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। मंत्री के वाहन चालक, सुरक्षाकर्मी और निजी सहायक के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। इसके बाद चव्हाण ने बुधवार को अपनी जांच करवाई। अधिकारियों ने बताया कि चव्हाण घर पर पृथक-वास में हैं। मंत्री के कार्यालय की ओर से अनुरोध किया गया है कि जो भी हाल के दिनों में उनके संपर्क में आए हैं, वे एहतियात बरतें और अपनी जांच करवा लें।
बता दें कि देश में कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार फैलता ही जा रहा है और रोजाना भारी संख्या में नए मामले सामने आ रहे हैं, इसके अलावा अब कोरोना की वजह से मौतों का आंकड़ा भी तेजी से बढ़ने लगा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी किए गए आंकड़ो के मुताबिक पिछले 24 घंटे यानि बुधवार सुबह 8 बजे से लेकर गुरुवार सुबह 8 बजे तक देशभर में कोरोना वायरस के रिकॉर्ड 95743 नए मामले सामने आए हैं और देश में अब कुल कोरोना वायरस मामलों का आंकड़ा बढ़कर 4465863 हो गया है।
कोरोना की वजह से जान गंवाने वालों की संख्या में पिछले 24 घंटों के दौरान बढ़ोतरी हुई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना वायरस की वजह से 1172 लोगों की जान गई है और अबतक यह जानलेवा वायरस देशभर में कुल 75062 लोगों की जान ले चुका है। लेकिन देश में कोरोना वायरस से ठीक होने वाले लोगों की संख्या में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है जिस वजह से कोरोना के एक्टिव मामलों में ज्यादा इजाफा नहीं हो रहा और रिकवरी रेट लगातार ऊपर उठ रहा है।
पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना से 72939 लोग पूरी तरह से ठीक हुए हैं। देशभर में अबतक कुल 3471783 लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं और एक्टिव मामलों का मौजूदा आंकड़ा 919018 है। देश में कोरोना वायरस का रिकवरी रेट बढ़कर 77.74 प्रतिशत तक पहुंच गया है। कोरोना मरीजों की पहचान के लिए देशभर में टेस्टिंग लगातार बढ़ाई जा रही है, बुधवार को देशभर में 11.29 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट हुए हैं और कुल कोरोना वायरस टेस्टिंग का आंकड़ा अब बढ़कर 5.29 करोड़ को पार कर चुका है। दुनियाभर में अमेरिका के बाद भारत में ही सबसे ज्यादा कोरोना टेस्ट हो रहे हैं।