बेंगलुरु: कर्नाटक के 3 मुख्य नगर निगमों के चुनावों में दो पर BJP की जीत हुई जबकि एक पर कांग्रेस ने जीत हासिल की। वहीं, कर्नाटक में पहली बार स्थानीय निकाय के चुनाव लड़ रही असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM ने कुल 4 वार्ड पर ही जीत दर्ज की है। गौरतलब है कि हुबल्ली-धारवाड़, बेलगावी और कलबुर्गी नगर निगम के लिए 3 सितम्बर को वोटिंग हुई थी। BJP के कद्दावर नेता बीएस येदियुरप्पा के सीएम की कुर्सी छोड़ने और बसवराज बोम्मई के CM बनने के बाद यह पहले चुनाव थे। एक तरह से यह बोम्मई के नेतृत्व की परीक्षा भी थी और नतीजे बताते हैं कि बोम्मई इस परीक्षा में पास हो गए है।
सबसे पहले बेलगावी नगर निगम की बात करें तो यहां BJP ने एक तरह से इतिहास रच दिया है। पहली बार अकेले बहुमत हासिल किया है। मराठा बहुल इस शहर में BJP ने नगर निगम में 58 में से 36 सीटें जीती हैं जबकि कांग्रेस को 9 सीटें मिली हैं। इस बार BJP ने महाराष्ट्र एकीकरण समिति (MES) और शिवसेना गठबंधन का सूपड़ा साफ कर दिया है। MES कुल 3 सीटों पर सिमट गई है।
वहीं, कलबुर्गी नगर निगम की 55 सीटों में से कांग्रेस को बहुमत से सिर्फ 1 सीट कम 27 सीटें मिली हैं जबकि BJP को 23 सीटें मिली हैं। यहां JDS को 4 और अन्य को 1 सीट मिली है। ऐसे में यहां JDS किंग मेकर की भूमिका में है। लोकल बॉडी इलेक्शन के नतीजे बताते हैं कि कांग्रेस का गढ़ कहे जाने वाले कलबुर्गी में BJP का प्रदर्शन कमाल का रहा है।
हुब्बली-धारवाड़ में नतीजे अपेक्षा के अनुरूप BJP के पक्ष में ही रहे। हालांकि, BJP बहुमत से थोड़ा पीछे है। हुबल्ली-धारवाड़ नगर निगम के 82 वार्ड में से BJP को 39 वार्ड में जीत मिली जबकि कांग्रेस को 33, JDS को 1 और अन्य को 6 सीटों पर जीत मिली। वहीं, AIMIM ने 3 सीटों पर जीत हासिल की। यहां मेयर बनाने के लिए 42 सीटों की जरूरत है। BJP को उम्मीद है कि निर्दलीयों के साथ मिलकर उनका मेयर बना लिया जाएगा।
AIMIM के लिए भी स्थानीय निकाय के चुनावी नतीजे अच्छे रहे। पहली बार कर्नाटक में निकाय चुनाव लड़ने वाली असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM को तीनों नगर निगमों में कुल 5 सीटों पर जीत मिली। हालांकि, हैदराबाद से तकरीबन 250 किलोमीटर दूर कलबुर्गी से असदुद्दीन ओवैसी को बहुत उम्मीदें थीं लेकिन कलबुर्गी से AIMIM एक भी सीट नहीं जीत पाई।