1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. PM मोदी दो दिन की यात्रा पर पहुंचे उज्बेकिस्तान, राष्ट्रपति मिर्जियोयेव ने ताशकंद में गले लगाकर किया स्वागत

PM मोदी दो दिन की यात्रा पर पहुंचे उज्बेकिस्तान, राष्ट्रपति मिर्जियोयेव ने ताशकंद में गले लगाकर किया स्वागत

 Written By: Amar Deep
 Published : Aug 29, 2026 06:42 pm IST,  Updated : Aug 29, 2026 11:42 pm IST

पीएम मोदी दो दिन की यात्रा पर उज्बेकिस्तान पहुंच गए हैं। यहां राष्ट्रपति मिर्जियोयेव ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। इस दौरान दोनों नेता एक-दूसरे से गले भी मिले।

उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति के साथ पीएम मोदी।- India TV Hindi
उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति के साथ पीएम मोदी। Image Source : X/NARENDRAMODI

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन की यात्रा पर उज़्बेकिस्तान पहुंच गए हैं। यहां ताशकंद में पहुंचने पर उनका स्वागत किया गया। इस यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मज़बूत करने के लिए राष्ट्रपति मिर्ज़ियोयेव के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत करेंगे। दोनों नेता व्यापार और निवेश, रक्षा, डिजिटल कनेक्टिविटी, ऊर्जा, शिक्षा और लोगों के बीच आपसी संबंधों के क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा करेंगे और आगे की राह के लिए एजेंडा तय करेंगे।

एक-दूसरे से गले मिले दोनों नेता

पीएम मोदी उज्बेकिस्तान की अपनी चौथी यात्रा पर ताशकंद पहुंचे। यहां एयरपोर्ट पर पहुंचते ही राष्ट्रपति मिर्जियोयेव ने पीएम मोदी का स्वागत किया। इस दौरान दोनों नेता एक-दूसरे से गले भी मिले। बता दें कि पीएम मोदी उज्बेकिस्तान और किर्गिज गणराज्य की अपनी दो देशों की यात्रा के पहले चरण में ताशकंद में हैं। इस यात्रा का मकसद मध्य एशिया में भारत की रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करना और इस क्षेत्र के साथ सांस्कृतिक संबंधों को गहरा करना है।

उज़्बेकिस्तान पार्क में पीएम मोदी ने की पुष्पांजलि

उज्बेकिस्तान पहुंचने के बाद पीएम मोदी ने यांगी उज़्बेकिस्तान पार्क का दौरा किया और स्वतंत्रता स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। राष्ट्रपति मिर्ज़ियोयेव भी मोदी के साथ स्मारक पर गए। यह स्मारक देश की आज़ादी की 30वीं वर्षगांठ पर बनाया गया था और आज़ादी व अच्छाई के आदर्शों का प्रतीक है।

उज़्बेकिस्तान स्मारक पहुंचे पीएम मोदी

PM मोदी ने X पर एक अन्य पोस्ट में कहा, "ताशकंद पहुंचने पर, राष्ट्रपति मिर्ज़ियोयेव के साथ यांगी उज़्बेकिस्तान स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करने गया। यांगी उज़्बेकिस्तान स्मारक उज़्बेक लोगों की आकांक्षाओं और प्रगति को दर्शाता है। यहां आकर अपनी यात्रा शुरू करने पर खुशी है।"

राष्ट्रपति ने किया स्वागत

उज्बेकिस्तान पहुंचने के बाद पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट की। उन्होंने एक्स पर लिखा, "ताशकंद पहुंचने पर राष्ट्रपति शवकत मिर्जियोयेव ने मेरा गर्मजोशी से स्वागत किया। इस खास पहल के लिए मैं उनका आभारी हूं। उज़्बेकिस्तान की यह मेरी चौथी यात्रा है, जो हमारे द्विपक्षीय संबंधों की गहराई और बढ़ती गति को दर्शाती है।" उन्होंने उज्बेकिस्तान पहुंचने के बाद कई तस्वीरें भी शेयर कीं।

भारतीय समुदाय ने किया पीएम मोदी का स्वागत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उज़्बेकिस्तान के ताशकंद में एक होटल में भारतीय समुदाय के लोगों का अभिवादन किया। भारतीय समुदाय के लोगों ने 'वंदे मातरम' और 'भारत माता की जय' के नारे लगाए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भारतीय समुदाय के सदस्यों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ताशकंद के एक होटल में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी देखा, जहां प्रवासी भारतीयों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आज ताशकंद पहुंचने पर वहाँ की इमारतों को तिरंगे के रंगों से रोशन किया गया है। 

भारत-उज्बेकिस्तान के संबंध

भारत और उज़्बेकिस्तान के बीच 18 मार्च 1992 से राजनयिक संबंध हैं, जब ताशकंद में राजनयिक संबंध स्थापित करने वाले प्रोटोकॉल पर हस्ताक्षर किए गए थे। उज़्बेकिस्तान की आज़ादी के बाद उसे मान्यता देने वाले शुरुआती देशों में भारत शामिल था। दोनों देशों ने 2011 में अपने संबंधों को 'रणनीतिक साझेदारी' के स्तर तक बढ़ाया। इस साझेदारी को राजनीतिक और आधिकारिक स्तर पर कई संस्थागत तंत्रों का समर्थन प्राप्त है, ताकि नियमित बातचीत बनी रहे।

रवाना होने से पहले क्या बोले पीएम मोदी?

वहीं उज्बेकिस्तान के लिए रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने एक बयान में कहा, "मैं राष्ट्रपति मिर्जियोयेव के साथ व्यापार और निवेश, डिजिटल कनेक्टिविटी, रक्षा और ऊर्जा के क्षेत्रों में सहयोग को और गहरा करने तथा 'विकसित भारत' और 'यांगी उज़्बेकिस्तान' (नए उज़्बेकिस्तान) के हमारे साझा विजन को आगे बढ़ाने पर चर्चा करने के लिए उत्सुक हूं।" 

पीएम मोदी ने कहा कि वे ताशकंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ ओरिएंटल स्टडीज में शास्त्री स्मारक और महात्मा गांधी केंद्र का भी दौरा करेंगे। यह दोनों देशों को जोड़ने वाले करीबी सांस्कृतिक और लोगों के बीच के संबंधों के प्रति सम्मान का प्रतीक है। ताशकंद से, प्रधानमंत्री किर्गिज गणराज्य के राष्ट्रपति सादिर झापारोव के निमंत्रण पर 26वें SCO शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए बिश्केक जाएंगे।

यह भी पढ़ें-

कैमरे में कैद हुआ ग्लेशियर टूटने का वो खौफनाक मंजर, जिसने नेपाल में मचा दी तबाही; देखें VIDEO

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश