1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. केरल में सामने आए Covid-19 के 4,892 नए मामले आए, 16 मरीजों की मौत

केरल में सामने आए Covid-19 के 4,892 नए मामले आए, 16 मरीजों की मौत

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 17, 2021 09:42 pm IST,  Updated : Feb 17, 2021 10:04 pm IST

केरल में कोविड-19 से और 16 लोगों की मौत होने के साथ ही कोरोना वायरस संक्रमण से मरने वालों की संख्या 4,032 हो गई है। राज्य सरकार के अनुसार, संक्रमण के 4,892 नए मामले आने के साथ ही राज्य में बुधवार तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या 10.16 लाख हो गई है।

coronavirus latest news, covid 19 latest updates live, corona latest live updates, coronavirus news- India TV Hindi
केरल में कोविड-19 से और 16 लोगों की मौत होने के साथ ही संक्रमण से मरने वालों की संख्या 4,032 हो गई है। Image Source : PTI

तिरुवनंतपुरम: केरल में कोविड-19 से और 16 लोगों की मौत होने के साथ ही कोरोना वायरस संक्रमण से मरने वालों की संख्या 4,032 हो गई है। राज्य सरकार के अनुसार, संक्रमण के 4,892 नए मामले आने के साथ ही राज्य में बुधवार तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या 10.16 लाख हो गई है। पिछले 24 घंटे में 4,832 लोग संकमण मुक्त हुए हैं। 60,803 लोगों का कोविड-19 का इलाज चल रहा है। मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने पत्रकारों को बताया कि नए मरीजों में 24 स्वास्थ्यकर्मी भी शामिल हैं। अभी तक कुल 10,16,848 लोग संक्रमित हुए हैं जबकि 9,51,742 लोगों को इलाज के बाद छुट्टी मिली है। राज्य में संक्रमण की दर 6.99 प्रतिशत है। 

वहीं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि उत्तर प्रदेश, राजस्थान और आंध्र प्रदेश समेत 18 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 से कोई मौत नहीं हुई। मंत्रालय ने बताया कि देश में संक्रमण से स्वस्थ होने की दर में लगातार सुधार देखा जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘पिछले 24 घंटे में 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कोविड-19 से किसी की मौत की सूचना नहीं है। इनमें उत्तर प्रदेश, राजस्थान, आंध्र प्रदेश, जम्मू कश्मीर, झारखंड, पुडुचेरी, हिमाचल प्रदेश, लक्षद्वीप, मणिपुर, लद्दाख, असम, अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह, सिक्किम, मेघालय, त्रिपुरा, मिजोरम, अरुणाचल प्रदेश, दादर एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव शामिल हैं।’’

मंत्रालय द्वारा बुधवार को सुबह आठ बजे तक जारी अनंतिम रिपोर्ट के अनुसार 1,91,373 सत्रों के माध्यम से करीब 90 लाख लाभार्थियों का टीकाकरण किया गया। इनमें 61,50,922 स्वास्थ्य कर्मी (पहली खुराक), 2,76,377 स्वास्थ्य कर्मी (दूसरी खुराक) और अग्रिम मोर्चे के 25,71,931 कर्मी (पहली खुराक) शामिल हैं। मंत्रालय के अनुसार 16 फरवरी को शाम चार बजे तक जिन लोगों का टीकाकरण हुआ उनमें 36 लोगों के अस्पताल में भर्ती होने और 29 लोगों की मौत की सूचना है। अस्पताल में भर्ती होने वाले 36 लोगों में से 22 को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गयी। मंत्रालय ने कहा, ‘‘दो लोगों का अब भी उपचार चल रहा है और 12 लोगों की मौत हुई है। मरने वाले 29 लोगों में से 17 की मौत अन्यत्र जबकि 12 लोगों की मौत अस्पताल में हुई।’’ 

मंत्रालय ने कहा कि अब तक टीकाकरण के बाद गंभीर दुष्प्रभाव या इससे किसी की मौत के मामले नहीं आए हैं। पहली खुराक लेने के 28 दिन होने पर लाभार्थियों के लिए 13 फरवरी से दूसरी खुराक की शुरुआत की गयी। टीकाकरण अभियान के 32वें दिन (16 फरवरी) कुल 7,001 सत्र में 2,76,943 लोगों को टीके की खुराक दी गयी। इनमें से 1,60,691 लोगों को पहली खुराक दी गयी और 1,16,252 स्वास्थ्यकर्मियों को दूसरी खुराक दी गयी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत