1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. BJP से निलंबित कीर्ति को मिला सुब्रमण्यम का समर्थन

BJP से निलंबित कीर्ति को मिला सुब्रमण्यम का समर्थन

 Written By: IANS
 Published : Dec 24, 2015 01:51 pm IST,  Updated : Dec 24, 2015 02:02 pm IST

कीर्ति आजाद ने BJP से अपने निलंबन को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल किए हैं। उन्हें इस मामले में पार्टी नेता सुब्रमण्यम स्वामी से भी समर्थन मिला है।

kirti azad- India TV Hindi
kirti azad

नई दिल्ली: नई दिल्ली: दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (DDCA) में कथित भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाकर केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली को घेरे में लाने वाले दरभंगा से सांसद कीर्ति आजाद ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) से अपने निलंबन को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल किए हैं। उन्हें इस मामले में पार्टी नेता सुब्रमण्यम स्वामी से भी समर्थन मिला है। कीर्ति आजाद को पार्टी से निलंबित किए जाने के बाद वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी और शांता कुमार ने मुरली मनोहर जोशी के आवास पर मुलाकात की।

उन्होंने यह भी कहा कि अगर सच बोलना अपराध है, तो वह यह अपराध बार-बार करते रहेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस पूरे मामले में संज्ञान लेने की अपील की।

कीर्ति का आरोप है कि जिस समय जेटली DDCA के अध्यक्ष रहे, उस वक्त इस क्रिकेट निकाय में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ। जेटली 2013 तक 13 साल के लिए डीडीसीए के अध्यक्ष रहे। इस मामले को लेकर लगातार मुखर रहे कीर्ति को भाजपा ने बुधवार को 'पार्टी विरोधी गतिविधियों' में संलिप्तता के आरोप में पार्टी से निलंबित कर दिया।

कीर्ति के बचाव में सुब्रमण्यम ने कहा कि "उन्हें नहीं लगता कि पार्टी को आजाद जैसे ईमानदार व्यक्ति को गंवाना चाहिए। मैं BJP के नोटिस का जवाब देने में (कीर्ति) आजाद की मदद करूंगा। मुझे उनकी सहायता करने का पूरा अधिकार है।"

कीर्ति ने कहा कि वह यह जानना चाहते हैं कि क्या उन्हें डीडीसीए में व्याप्त भ्रष्टाचार का खुलासा करने पर निलंबित किया गया है? उन्होंने कहा, "अगर सच बोलना अपराध है, तो मैं यह अपराध करता रहूंगा।"

कीर्ति ने कहा, "मैं एक सांसद हूं। मैंने कुछ चिंताएं जाहिर की और मुझे निलंबित कर दिया गया। मेरी मांग है कि डीडीसीए मुद्दा तीन माह में सुलझाया जाए। मैं चाहता हूं कि मोदी स्वयं पूरे मामले को देखें और मुझे बताएं कि मेरी गलती कहां है, मैं जवाब चाहता हूं और यह भी आशा करता हूं कि भाजपा 'मार्गदर्शक मंडल' इस मामले पर ध्यान देगा।"

कीर्ति बिहार के दरभंगा संसदीय क्षेत्र से तीन बार लोकसभा सदस्य रह चुके हैं। वह वर्ष 1983 में क्रिकेट विश्व कप जीतने वाली भारतीय क्रिकेट टीम का भी हिस्सा रह चुके हैं। वह पिछले साल मई में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद पार्टी से निलंबित किए गए पहले भाजपा सांसद हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत