1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. तीनों सेना में कोरोना वायरस के कितने मामले? रक्षा राज्यमंत्री ने संसद में दी जानकारी

तीनों सेना में कोरोना वायरस के कितने मामले? रक्षा राज्यमंत्री ने संसद में दी जानकारी

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 16, 2020 06:54 pm IST,  Updated : Sep 16, 2020 06:56 pm IST

केंद्रीय आयुष मंत्री श्रीपद नाइक ने लोकसभा में एक लिखित जवाब में बताया कि थलसेना में 16,758, नौसेना में 1,365 और वायुसेना में 716 कोरोना वायरस के मामले पाए गए है।

Know how many cases of coronavirus in the all three indian forces- India TV Hindi
Know how many cases of coronavirus in the all three indian forces Image Source : ITBP

नई दिल्ली: केंद्रीय आयुष मंत्री श्रीपद नाइक ने लोकसभा में एक लिखित जवाब में बताया कि थलसेना में 16,758, नौसेना में 1,365 और वायुसेना में 716 कोरोना वायरस के मामले पाए गए है। वहीं थलसेना और वायुसेना में COVID-19 के कारण मृतकों की संख्या क्रमशः 32 और 3 है। हालांकि नौसेना में इससे अभीतक किसी की मृत्यु नही हुई है। सेवा में रहते हुए जिनकी मौत हुई है उन्हें टर्मिनल लाभ से सम्मानित किया गया। 

भारत में कोविड-19 के 90,123 मामले सामने आए, संक्रमितों की कुल संख्या 50 लाख के पार 

भारत में कोविड-19 के 90,123 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की कुल संख्या 50,0000 के आंकड़े को पार कर गई। देश में केवल 11 दिन के अंदर मामले 40 लाख से बढ़कर 50 लाख के पार चले गए हैं केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार बुधवार तक 39,42,360 लोगों के संक्रमण मुक्त होने के बाद देश में कोविड-19 मरीजों के ठीक होने की दर 78.53 प्रतिशत हो गई है। 

मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार देश में कोविड-19 के मामलों की कुल संख्या 50,20,359 हो गई है। वहीं, पिछले 24 घंटे में सर्वाधिक 1,290 लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 82,066 हो गई। भारत में कोविड-19 के मामले 21 दिन में 10 से 20 लाख के पार पहुंचे थे। 

इसके बाद 16 दिन में 30 लाख और 13 दिन में 40 लाख के आंकड़े को पार किया था। वहीं, 40 लाख के बाद 50 लाख की संख्या को पार करने में केवल 11 दिन लगे। देश में 110 दिन में कोविड-19 के मामले एक लाख हुए थे और 59 दिनों में वह 10 लाख के पार चले गए थे। वहीं, कोविड-19 से मृत्यु दर गिरकर 1.63 प्रतिशत हो गई है। 

आंकड़ों के अनुसार देश में अभी 9,95,933 मरीजों का कोरोना वायरस का इलाज जारी है, जो कि कुल मामलों का 19.84 प्रतिशत है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार देश में 15 सितम्बर तक कुल 5,94,29,115 नमूनों की कोविड-19 की जांच की गई, जिसमें से 11,16,842 नमूनों की जांच मंगलवार को ही की गई। आंकड़ों अनुसार पिछले 24 घंटे में जिन 1,290 लोगों की मौत हुई है, उनमें सबसे ज्यादा 515 लोग महाराष्ट्र के हैं। इसके अलावा कर्नाटक के 216, उत्तर प्रदेश के 113, पंजाब के 90, आंध्र प्रदेश के 69, तमिलनाडु के 68, पश्चिम बंगाल के 59, दिल्ली के 36 लोग शामिल हैं। 

आंकड़ों के अनुसार अभी तक कुल 82,066 लोगों की मौत हुई है, इनमें सर्वाधिक 30,409 लोग महाराष्ट्र के हैं। वहीं तमिलनाडु के 8,502 , कर्नाटक के 7,481, आंध्र प्रदेश के 5,041 , दिल्ली के 4,806 , उत्तर प्रदेश के 4,604, पश्चिम बंगाल के 4,062 , गुजरात के 3,244 , पंजाब के 2,514 और मध्य प्रदेश के 1,820 लोग शामिल हैं । स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि संक्रमण की वजह से मरने वाले 70 फीसदी से ज्यादा लोग दूसरी बीमारियों से भी ग्रसित थे। मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर कहा, '' हमारे आंकड़ों का मिलान आईसीएमआर से किया जा रहा है।''

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत