नयी दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मालदीव के नये राष्ट्रपति मोहम्मद सोलिह के आज होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेंगे। प्रधानमंत्री के रूप में मोदी की मालदीव की यह पहली यात्रा होगी। मोदी ने कई ट्वीट कर कहा, ‘‘मैं श्री सोलिह की नयी मालदीव सरकार को उनकी विकास प्राथमिकताओं विशेषकर आधारभूत क्षेत्र, स्वास्थ्य देखभाल, सम्पर्क एवं मानव संसाधन विकास को साकार करने के लिए मिलकर काम करने की भारत सरकार की मंशा से अवगत कराऊंगा।’’
Related Stories
उन्होंने कहा कि मालदीव में हुए हालिया चुनाव लोकतंत्र, कानून का शासन एवं समृद्ध भविष्य के लिए लोगों की सामूहिक आकांक्षाओं का प्रतिनिधित्व करते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘हम भारत (के लोगों की) की यह प्रबल मंशा है कि हम एक स्थिर, लोकतांत्रिक, समृद्ध और शांतिपूर्ण मालदीव गणतंत्र देखना चाहते हैं।’’
उन्होंने हाल के चुनाव में सोलिह को उनकी जीत के लिए बधाई दी और उनका कार्यकाल सर्वोत्तम रहने की कामना भी की। सोलिह के शपथ ग्रहण के लिए आए आमंत्रण को मोदी ने हाल में स्वीकार किया था।