1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. LG ने कैम्पस हिंसा पर 'कड़ी कार्रवाई' का आश्वासन दिया : केजरीवाल

LG ने कैम्पस हिंसा पर 'कड़ी कार्रवाई' का आश्वासन दिया : केजरीवाल

 Written By: IANS
 Published : Feb 28, 2017 09:19 pm IST,  Updated : Feb 28, 2017 09:21 pm IST

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को उप राज्यपाल अनिल बैजल से 'दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) में हुई हिंसा के लिए जिम्मेदार अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं' की गिरफ्तारी की मांग की।

Arvind Kejriwal- India TV Hindi
Arvind Kejriwal Image Source : PTI

नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को उप राज्यपाल अनिल बैजल से 'दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) में हुई हिंसा के लिए जिम्मेदार अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं' की गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने साथ ही कहा कि उप राज्यपाल ने उन्हें इस मामले में 'कड़ी कार्रवाई' का आश्वासन दिया है। आम आदमी पार्टी (AAP) नेता ने ट्वीट कर कहा कि उन्होंने बैजल से मुलाकात कर उन लोगों की गिरफ्तारी की मांग की, जिन्होंने 'डीयू में हिंसा की, भारत विरोधी नारे लगाए और (डीयू छात्रा) गुरमेहर (कौर) को धमकियां दीं।'

(देश-विदेश की खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)

बैठक के बाद उप राज्यपाल बैजल ने भी ट्वीट किया, "दिल्ली के मुख्यमंत्री ने मुझसे राजनिवास में मुलाकात की। मैंने उन्हें भरोसा दिलाया है कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।" केजरीवाल ने 22 फरवरी को रामजस कॉलेज में हुई हिंसा के बाद उप राज्यपाल से मुलाकात की है। इस घटना में विद्यार्थियों, शिक्षकों व पत्रकारों पर हमला किया गया था। इस घटना के लिए एबीवीपी को जिम्मेदार ठहराया गया है।

रामजस कॉलेज में एक संगोष्ठी को संबोधित करने के लिए जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के छात्रों उमर खालिद तथा शहला राशिद को आमंत्रित किए जाने के खिलाफ ABVP ने इस कार्यक्रम को रद्द करने के लिए बाध्य कर दिया था। इस घटना के एक दिन बाद 22 फरवरी को ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) और ABVP के बीच रामजस कॉलेज के बाहर झड़प हो गई थी।

उमर खालिद का नाम उन छात्रों की फेहरिस्त में शामिल है, जिन पर जेएनयू में एक कार्यक्रम के दौरान देश-विरोधी नारे लगाने को लेकर देशद्रोह का मुकदमा चल रहा है, जबकि जेएनयू छात्र संघ की पूर्व सदस्य शहला राशिद ने छात्रों की गिरफ्तारी के बाद हुए आंदोलन में हिस्सा लिया था।

बाद में, लेडी श्रीराम कालेज की छात्रा और कारगिल युद्ध में शहीद हुए सेना के एक कैप्टन की बेटी गुरमेहर कौर ने रामजस कॉलेज में हुई हिंसा के मद्देनजर एबीवीपी के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभियान शुरू किया था, जिसके बाद उन्हें सोशल मीडिया पर दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी दी गई थी। इसकी व्यापक पैमाने पर भर्त्सना की गई।

उप राज्यपाल से मुलाकात के बाद केजरीवाल ने कहा कि जिन लोगों ने कारगिल शहीद की बेटी को धमकियां दीं, उन्हें तत्काल गिरफ्तार किया जाना चाहिए, ताकि एक संदेश जाए कि प्रशासन व पुलिस को इस तरह की गतिविधियां बर्दाश्त नहीं हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत