नई दिल्ली: देश के कई इलाकों में आज सुबह 4:35 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 6.8 मापी गई है। वहीं मणिपुर में एक बार फिर रिक्टर स्केल पर 3.6 की तीव्रता के झटके महसूस किए गए। भूकंप से 7 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 100 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। इंफाल के कई हिस्सों में बिजली की सेवाएं बंद कर दी गई हैं। भूकंप का केंद्र इंफाल से 33 किलोमीटर दूर भारत-म्यांमार सीमा के पास बताया जा रहा है।
मणिपुर, असम, बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड, उत्तर प्रदेश समेत कई इलाकों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। भूकंप की दहशत से लोग घर के बाहर निकल आए थे। गृह मंत्रालय ने ट्वीट कर बताया कि, NDRF के 90 सदस्यों की टीमें राहत और बचाव कार्य के लिए गुवाहाटी से इंफाल रवाना हो गई हैं।
सेना और वायु सेना ने भूकंप प्रभावित मणिपुर में राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया है। एक रक्षा अधिकारी ने बताया कि वायुसेना का एक एएन32 विमान राहत एवं बचाव अभियानों के लिए एनडीआरएफ के 75 जवानों को लेकर इंफाल से गुवाहाटी जा रहा है।
एक सी17 ग्लोबमास्टर और आईएल 76 विमान को हिंडन एयरबेस पर तैयार रखा गया है ताकि जरूरत पड़ने पर इन्हें आगे के राहत अभियानों के लिए भेजा जा सके। अधिकारियों ने बताया कि मणिपुर में सेना की इकाइयों ने घायलों को तमाम जरूरी चिकित्सा सहायता प्रदान करना शुरू कर दिया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के मुख्यमंत्री तरुण गोगोई से ट्वीट कर भूकंप की स्तिथि की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने गृह मंत्री राजनाथ सिंह से भी जानकारी ली।
