बरूईपुर-रायदिघी (पश्चिम बंगाल): तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने अपने खिलाफ झूठ फैलाने को लेकर मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर पलटवार करते हुए कहा कि उनके डर से कांग्रेस और माकपा गठबंधन करने को मजबूर हुए हैं।
दक्षिण 24 परगना जिले के बुरूईपुर में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, नरेन्द्र मोदी, सोनिया गांधी, इतने बड़े नेता, वे आपको बंगाल में कभी नहीं दिखेंगे। वे राज्य के बारे में पूछते तक नहीं हैं। अब वे यहां घूम रहे हैं और मेरे बारे में झूठी बातें फैला रहे हैं।
उन्होंने दावा किया, भाजपा दिल्ली से पुलिस भेजकर (चुनाव के लिए) हमें डराने का प्रयास कर रही है। मैं पुलिस को दोष नहीं देती। वे (भाजपा) आपातकाल से ज्यादा की घोषणा कर रहे हैं।
ममता ने गरजते हुए कहा, वे दिल्ली (केन्द्र सरकार) को नहीं चला पा रहे हैं। वे सिर्फ हिन्दू मुसलमान विभाजन पैदा करते हैं और तनाव बढ़ाते हैं। जब चुनाव आता है तो वे डराने का प्रयास करते हैं। वे सभी राज्य सरकारों को बर्खास्त करना चाहते हैं। अन्य राज्य स्वीकार कर सकते हैं, लेकिन बंगाल नहीं।
यह दावा करते हुए कि माकपा और कांग्रेस के साथ मोदी के मधुर संबंध हैं, ममता ने कहा, जनता के सामने मोदी का कांग्रेस विरोध और कुछ नहीं बल्कि आंखों में धूल झोंकना है। प्रदेश में 30 अप्रैल को होने वाले महत्वपूर्ण पांचवे चरण के मतदान से पहले तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा है कि वे केन्द्रीय बलों से न डरें।
रायदिघी में पार्टी के चुनावी एजेंटों से ममता बनर्जी ने कहा, केन्द्रीय बलों से ना डरें। बदनामी फैलाने वाला प्रचार भी होगा। बुद्धिमतापूर्वक चुनाव लड़े। चिंता का कोई कारण नहीं है। हम वहां रहेंगे। मैं कुछ भी सुनना नहीं चाहती। हमें जीतना है।
उन्होंने आरोप लगाया, मुझे सूचना मिली है कि रायदिघी में चुनाव में गड़बड़ी करने के लिए विपक्षी माकपा ने योजना बनाई है। इसके लिए मतदान केन्द्रों की भी पहचान कर ली गयी है। सचेत रहें और ऐसे किसी भी प्रयास को विफल करें।
कल संपन्न हुए चौथे चरण के मतदान में निर्वाचन आयोग की ओर से कड़ी सख्ती का परोक्ष हवाला देते हुए ममता ने कहा, किसी के पास लोगों को मतदान से रोकने का अधिकार नहीं है। मतदाताओं को प्रताडि़त किया जा रहा है। मैं यह बर्दाश्त नहीं करूंगी। तृणमूल सुप्रीमो ने कांग्रेस-वाम गठबंधन का भी मजाक उड़ाते हुए कहा, सिर्फ मेरे डर से वे एक हो गए हैं। मैं क्या हूं, बाघ या भालू?
यह दावा करते हुए कि यह चुनाव इतिहास रचेगा, ममता ने कहा, कांग्रेस और माकपा सिर्फ साइनबोर्ड बनकर रह जाएंगे। वाम मोर्चा बिखर जाएगा। उन्होंने सवाल किया, आपने कभी देखा है कि कांग्रेस नेता अपने शरीर पर लाल कपड़ा लपेटे हुए हों।