1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. प. बंगाल में पुलिस Vs CBI: BJP बोली- ममता सरकार लोकतंत्र का बना रही मखौल

प. बंगाल में पुलिस Vs CBI: BJP बोली- ममता सरकार लोकतंत्र का बना रही मखौल

 Edited By: Bhasha
 Published : Feb 03, 2019 11:16 pm IST,  Updated : Feb 03, 2019 11:16 pm IST

BJP ने रविवार को पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी नीत सरकार की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि वह शासन प्रणाली और लोकतंत्र का मखौल उड़ा रही हैं।

Amit Shah- India TV Hindi
Amit Shah Image Source : PTI

नई दिल्ली: BJP ने रविवार को पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी नीत सरकार की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि वह शासन प्रणाली और लोकतंत्र का मखौल उड़ा रही हैं। कोलकाता पुलिस के अपने प्रमुख से पूछताछ करने से सीबीआई को रोके जाने के बाद BJP की ये प्रतिक्रिया आई है। पार्टी ने कहा कि राज्य सरकार की कार्रवाई संवैधानिक व्यवस्था पर सीधा हमला है और ये मुख्यमंत्री के तानाशाह रवैये को प्रदर्शित करता है।

BJP प्रवक्ता जीवीएल नरसिम्हा राव ने कहा, ‘‘कोलकाता का घटनाक्रम और सीबीआई जांच का प्रतिरोध हैरतअंगेज और अभूतपूर्व है। ये ममता के तानाशाह रवैये को प्रदर्शित करता है। उन्होंने उस संविधान का उल्लंघन किया है जिसकी उन्होंने शपथ ली थी।’’ राव ने उच्चतम न्यायालय के आदेश पर चिट फंड घोटाले की जांच कर रही सीबीआई का जिक्र करते हुए कहा कि नगर पुलिस की कार्रवाई शीर्ष न्यायालय की अवज्ञा है।

BJP के एक अन्य प्रवक्ता नलिन कोहली ने राज्य में इस स्थिति को अभूतपूर्व बताया और कहा कि यह कानून व्यवस्था के पूरी तरह से ध्वस्त होने का संकेत है। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट है कि ममता बनर्जी के तहत राज्य सरकार संवैधानिक उपयुक्तता की दृष्टि खो चुकी है। 

उन्होंने कहा कि लोग देख सकते हैं कि शासन प्रणाली, लोकतंत्र और संवैधानिक उपयुक्तता का क्या माखौल उड़ाया जा रहा है। राव ने कहा कि राज्य सरकार लंबे समय से अलोकतांत्रिक और असंवैधानिक कार्य में संलिप्त है और कोलकाता पुलिस की रविवार की कार्रवाई ने सारी हदें पार कर दी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत