हैदराबाद। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के विधायक कौसर मोहिउद्दीन सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में कथित तौर पर शराब के नशे में ड्यूटी पर आने को लेकर एक व्यक्ति की पिटाई करते हुए दिख रहे हैं।
Related Stories
चार महीने पुरानी इस घटना का वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में विधायक उस व्यक्ति को एक कार्यालय में छोटे डंडे से पिटाई करते दिख रहे हैं, जबकि कुछ लोग उन्हें देख रहे हैं। संपर्क करने पर मोहिउद्दीन ने उस व्यक्ति की पिटाई करने की बात स्वीकार करते हुए कहा कि यह घटना चार महीने पहले की है और वीडियो हाल ही में सामने आया है।
विधायक ने दावा किया कि इस व्यक्ति को शराब की लत है और वह अपने काम और परिवार की अनदेखी कर रहा था। इस व्यक्ति की पहचान सैयद सरवर के रूप में की गयी है और उसने विधायक की तारीफ करते हुए कहा कि उनके और उनके परिवार की देख-रेख मोहिउद्दीन कर रहे हैं।
व्यक्ति ने मीडिया से कहा, ‘‘मैने साहब (विधायक) से पैसे लिये और शराब पिया। मेरे भले के लिए ही उन्होंने मुझे पीटा। वह हमेशा हमारे परिवार का ध्यान रखते हैं।’’ वीडियो में दिख रहे अन्य लोग इस व्यक्ति की पिटाई का आनंद लेते नजर आ रहे हैं और विधायक के व्यवहार में कोई आक्रामकता नहीं है।