1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. झारखंड में फिर मॉब लिंचिंग, बैटरी चोरी के आरोप में दो की पिटाई, एक की मौत

झारखंड में फिर मॉब लिंचिंग, बैटरी चोरी के आरोप में दो की पिटाई, एक की मौत

 Edited By: Bhasha
 Published : Nov 07, 2019 07:34 am IST,  Updated : Nov 07, 2019 07:34 am IST

झारखंड के बोकारो जिले में बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के गोविंदपुर में बुधवार को करीब आधा दर्जन लोगों ने ट्रक की बैटरी चोरी के आरोप में दो लोगों को घेर कर पीटा, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई

Mob Lynching - India TV Hindi
Mob Lynching  Image Source : PTI

बोकारो। झारखंड में एक बार फिर से भीड़ द्वारा किसी व्‍यक्ति की पीट पीट कर हत्‍या कर देने की घटना सामने आई है। जिसमें एक व्‍यक्ति की मौत हो गई। झारखंड के बोकारो जिले में बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के गोविंदपुर में बुधवार को करीब आधा दर्जन लोगों ने ट्रक की बैटरी चोरी के आरोप में दो लोगों को घेर कर पीटा, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के ज्यादातर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, घायल व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

बोकारो के पुलिस अधीक्षक पी मुरुगन ने यहां बताया कि पुलिस को आज दिन में सूचना मिली कि गोविंदपुर में ट्रक की बैटरी चोरी करने के आरोप में करीब आधा दर्जन लोग दो लोगों की पिटाई कर रहे हैं, जिसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। उन्होंने बताया कि पुलिस ने प्रेमचंद महतो, हेमलाल महतो , नंदन महतो , कुंदन महतो एवं प्रेमचंद महतो की पत्नी नैना देवी सहित छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया। 

उन्होंने बताया कि लोगों द्वारा पिटाई करने से मुख्तार अंसारी नाम के एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि अख्तर अंसारी की हालत चिंताजनक है। मुरुगन ने बताया कि बोकारो थर्मल पुलिस ने इस सिलसिले में हत्या, हत्या का प्रयास एवं साजिश करने सहित अन्य धाराओं के तहत कांड संख्या 150/19 के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही हैं 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत