1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. जम्मू एवं कश्मीर में LoC पर पाकिस्तान की गोलीबारी में घायल शख्स की मौत

जम्मू एवं कश्मीर में LoC पर पाकिस्तान की गोलीबारी में घायल शख्स की मौत

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Aug 08, 2020 10:36 am IST,  Updated : Aug 08, 2020 10:36 am IST

जम्मू एवं कश्मीर के पुंछ जिले में शुक्रवार को नियंत्रण रेखा (LoC) पर पाकिस्तान की गोलाबारी में घायल एक 65 वर्षीय व्यक्ति ने रात को दम तोड़ दिया।

Pakistan Firing, Pakistan Firing LoC, Man Dead Pakistan Firing, Pakistan Ceasefire Violation- India TV Hindi
जम्मू एवं कश्मीर के पुंछ जिले में शुक्रवार को नियंत्रण रेखा (LoC) पर पाकिस्तान की गोलाबारी में घायल एक 65 वर्षीय व्यक्ति ने रात को दम तोड़ दिया। Image Source : PTI FILE

जम्मू: जम्मू एवं कश्मीर के पुंछ जिले में शुक्रवार को नियंत्रण रेखा (LoC) पर पाकिस्तान की गोलाबारी में घायल एक 65 वर्षीय व्यक्ति ने रात को दम तोड़ दिया। इसके साथ ही गोलीबारी में मरने वाले नागरिकों की संख्या 2 हो गई। अधिकारियों द्वारा शनिवार को दी गई जानकारी के मुताबिक, पुंछ जिले के ताइन मनकोट के 65 वर्षीय मोहम्मद सादिक ने पाकिस्तान की गोलाबारी में गंभीर रूप से घायल होने के कारण दम तोड़ दिया। नियंत्रण रेखा पर शुक्रवार को पाक की गोलीबारी में दो नागरिक मारे गए और छह घायल हुए हैं।

वहीं, कुपवाड़ा जिले में शुक्रवार को नियंत्रण रेखा के तंगधार क्षेत्र में पाकिस्तान ने सुरक्षाकर्मी और नागरिकों को निशाना बनाते हुए गोलीबारी की, जिसमें एक नागरिक की मौत हो गई और 6 अन्य घायल हो गए। पाकिस्तान ने शुक्रवार को नियंत्रण रेखा पर कई बार संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए गोलीबारी को अंजाम दिया। पाकिस्तान ने शुक्रवार तड़के मेंधर और बालाकोट क्षेत्रों में गोलीबारी शुरू कर दी। वहीं पाकिस्तान ने शाम को फिर से पुंछ जिले के कृष्णाघाटी क्षेत्र में संघर्ष विराम उल्लंघन किया।

कश्मीर डिविजन में पाकिस्तान ने संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए कुपवाड़ा जिले के माछल, नौगाम और तंगधार सेक्टरों में नियंत्रण रेखा पर अंधाधुंध गोलाबारी की। पाकिस्तान ने शुक्रवार को बारामूला जिले के उरी सेक्टर में भी संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। भारतीय सेना ने इन सभी स्थानों पर प्रभावी ढंग से जवाबी कार्रवाई की और रक्षा सूत्रों ने कहा कि भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान की सेना को नुकसान हुआ है।

सूत्रों ने कहा कि पाकिस्तान के उल्लंघन का मुंहतोड़ जवाब देते हुए भारतीय सेना ने यह ध्यान रखा कि किसी भी नागरिक को निशाना नहीं बनाया जाए। इस साल की शुरुआत से अब तक पाकिस्तान ने 2,720 से अधिक बार युद्धविराम का उल्लंघन किया है, जिसमें 23 नागरिक मारे गए हैं और 100 से अधिक अन्य घायल हुए हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत