बिजनौर: बिजनौर में यूपी पुलिस का एक हैरान करने वाला चेहरा सामने आया है। यहां एक अद्र्धविक्षिप्त महिला को पुलिसकर्मियों ने रस्सियों से बांधकर जमीन पर घसीटा। ये महिला एनएच 74 पर लहुलुहान हालत में मिली थी। इस महिला से सामूहिक दुष्कर्म की सूचना ने क्षेत्र में सनसनी पैदा कर दी।
धामपुर पुलिस पहुंची तो सड़क किनारे बेसुध पड़ी महिला सीएचसी ले गयी जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख बिजनौर रेफर कर दिया। इस बीच महिला पर पुरुष सिपाहियों ने रौंगटे खड़ा करने वाला अत्याचार किया।
पुलिस वाले महिला को मानसिक रोगी बताकर उसके साथ बर्बर व्यहार करते रहे। पुलिस ने गैंगरेप की जांच के लिए महिला का मेडिकल भी नहीं कराया। जिला अस्पताल में भी डॉक्टरों ने महिला का इलाज नहीं किया और उसे मुरादाबाद के मानसिक रोगियों के अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
सिपाही महिला को काबू करते नजर आए और पुलिस के सभी बड़े अधिकारी अपनी आंखों के सामने सारी करतूत को देखते रहे।
अगर महिला का मेडिकल हो जाता तो शायद उसके साथ हुए गैंगरेप की बात भी साबित हो जाती लेकिन ना तो यूपी पुलिस ने ये ज़हमत की और ना ही डॉक्टरों ने इसे ज़रूरी समझा।