मुंबई: आतकंवाद निरोधी दस्ते ने एक व्यक्ति को पुणे से हिरासत में लिया है। वह मुंबई के उन तीन युवकों में से है, जिनके आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) में शामिल होने की आशंका थी। एटीएस के अधिकारियों ने बताया कि पुणे की एटीएस इकाई के अधिकारियों ने कल रात एक व्यक्ति को हिरासत में लिया। वह अभी युवक के नाम का खुलासा नहीं करेंगे क्योंकि अभी यह सुनिश्चित नहीं है कि वह लापता हुए तीन युवकों में से एक है या नहीं। एटीएस और शहर पुलिस मुंबई के पश्चिमी उपनगर मलवानी से तीन युवकों के लापता होने के मामले की जांच कर रहे हैं। लापता हुए तीन युवक हैं, अयाज सुल्तान (23), मोहसिन शेख (26) और वाजिद शेख (25)। तीनों युवकों के अभिभावकों ने पुलिस में इनकी गुमशुदगी दर्ज करायी है। मालवानी थाने के वरिष्ठ निरीक्षक मिलिंद खेतले ने कल कहा था, हमें संदेह है कि तीनों आईएस में शामिल हो गए हैं और जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक 23 साल का अयाज 30 अक्टूबर को अपने घर से निकला था। उसने कहा था कि वह पुणे में जॉब करने जा रहा है। मोहसिन ने अपना घर 16 दिसंबर को यह कहते हुए छो़डा था कि वह एक दोस्त की शादी में जा रहा है। 16 दिसंबर को वाजिद भी अपने घर से निकला था। उसने कहा था वह आधार कार्ड में करेक्शन के लिए जा रहा है।
महाराष्ट्र एटीएस ने कहा कि गायब होने वाले लडकों को परिजनों से पता चलता है कि वे देश छोडने की प्लानिंग कर रहे थे। एटीएस अब मामले की जांच में जुटा हुआ है। उनके घर से कई सामान मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है। गौरतलब है कि मई 2014 में कल्याण के चार लडके आईएसआईएस ज्वाइन करने भारत से सीरिया चले गए थे। इनमें से एक को सुरक्षा एजेंसियों ने पकड लिया और भारत लाया गया। फिलहाल, वह पुलिस हिरासत में है।