नई दिल्ली: प्राइवेट नौकरी से ऊब चुके हैं और किसी अच्छी सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे हैं तो यह खबर आपके काम की है। नरेंद्र मोदी सरकार केंद्र में खाली 2.2 पदों पर भर्तियां निकालने की योजना बना रही है। ये पद अगले दो सालों में भरे जाएंगे। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा चुनावों में प्रचार के दौरान नौकरियां देने का वादा किया था।
बढ़ाई जानी है केंद्रीय कर्मचारियों की संख्या:
1 मार्च 2015 तक केंद्रीय कर्मचारियों की कुल संख्या 33.05 लाख थी, जो कि साल 2016 में बढ़कर 34.93 लाख हो गई। सरकार ने इसे 1 मार्च 2017 तक 35.23 लाख किए जाने का फैसला किया है।कहां होगी ज्यादा भर्तियां:
ऐसा माना जा रहा है कि इन लाखों भर्तियों में करीब 70,000 पद राजस्व महकमे से आएंगे, जिसमें आयकर, सीमा शुल्क और उत्पाद शुल्क प्रमुखता से आते हैं। इसके साथ ही केंद्रीय अर्धसैनिक बलों में भी भर्तियां की जानी है। इस महकमे में 47,000 पद भरे जा सकते हैं। अर्धसैनिक बलों के अलावा गृह मंत्रालय की कार्य क्षमता में भी 6,000 का इजाफा हुआ है। रेलवे में भी नई भर्तियां निकलने की संभावना है।
मंत्रिमंडल सचिवालय, जो कि एक छोटा सा विभाग है और वह सरकार की सहायता करता है, यहां पर भी 301 कर्मचारियों की नियुक्ति की जानी है। साल 2015 में यहां पर 900 कर्मचारी काम कर रहे थे। इस संख्या को 1 मार्च 2017 तक 1,201 किया जाना है।