नई दिल्ली: सरकार ने आज कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आगामी रूस यात्रा के दौरान दोनों देश परमाणु कार्यक्रम का विस्तार करने पर निर्णय कर सकते हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री जितेन्द्र सिंह ने लोकसभा में यह जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की पूर्व की विभिन्न देशों की यात्रा में भी यूरेनियम हासिल करने और परमाणु कार्यक्रम को बढावा देने के लिए समझौते पर हस्ताक्षर किये गये।
उन्होंने कहा, मैं इस बात का उल्लेख करना चाहता हूं कि पिछले कुछ महीनों में प्रधानमंत्री की विदेश यात्राओं की एक प्रमुख उपलब्धि हमारे यूरेनियम और हमारे परमाणु कार्यक्रम की मजबूती है। सिंह ने सवालों का उत्तर देते हुए कहा कि मोदी की विदेश यात्राओं के दौरान जो समझौते किये गये उनमैं पांच हजार मीट्रिक टन यूरेनियम हासिल करने के लिए अप्रैल में कनाडा के साथ किया गया समझौता शामिल है।
उन्होंने कहा कि उनकी :मोदी: कजाकिस्तान यात्रा के दौरान हम सात हजार मीट्रिक टन यूरेनियम के लिए सौदा कर सकते हैं। आस्ट्रेलिया की उनकी यात्रा के दौरान कई वर्षों से प्रतीक्षित परमाणु सहयोग समझौते को अंतिम रूप दिया जायेगा।
उन्होंने कहा कि मोदी की अमेरिका यात्रा के दौरान गुजरात में एक परमाणु रियेक्टर के निर्माण के लिए एक सौदे को अंतिम रूप दिया गया और फ्रांस की यात्रा के दौरान विश्व की प्रमुख परमाणु उर्जा कंपनी अरेवा के साथ समझौते को अंतिम रूप दिया गया।