मुंबई: मुंबई के पास विरार में एक मामला सामने आया है जहां एक कलयुगी मां ने महज डेढ़ लाख रुपए में अपने बच्चे को एक दूसरी महिला को बेच दिया लेकिन पैसे को लेकर जब इन दोनों महिलाओं के बीच झगड़ा हुआ तो बात सबके सामने आ गई।
विरार के पालघर में रहने वाली आयशा खान नाम की महिला ने दुनिया में आने से पहले ही अपनी कोख में पल रहे बच्चे का सौदा कर डाला और मासूम की कीमत लगाई डेढ़ लाख रुपए।
इस बच्चे को खरीदने का आरोप लगा है पूनम परमार नाम की एक महिला पर। बच्चे को जन्म के बाद किस तरह पूनम को सौंपा जाए इसकी भी बकायदा पूरी प्लानिंग की गई।
गणेश नर्सिंग होम में डिलीवरी के लिए जब आयशा एडमिट हुई तो अस्पताल के रजिस्टर में अपना नाम पूनम परमार लिखवाया ताकि किसी को भी बच्चे की खरीद फरोख्त का शक ना हो।
इसी साल जनवरी में आयशा ने एक लड़के को जन्म दिया और 80 हजार रुपए लेकर उसे पूनम को सौंप दिया लेकिन ढाई महीने तक बाकि पैसे ना मिलने के कारण बीते 20 मार्च को वो पूनम के घर आई और अपना बच्चा वापस ले आई।
इसी बीच पूनम को ये पता लगा कि आयशा किसी और के साथ बच्चे को तीन लाख रुपए में बेचने की बात कर रही है तो उनके बीच खूब झगड़ा हुआ और मामला पुलिस तक पहुंच गया।
बच्चे के इस सौदे में अस्पताल की मिलीभगत की बात भी सामने आई है लेकिन अस्पताल के डॉक्टर ने अपने ऊपर लगे सभी आरापों से इनकार किया है।
बच्चा बेचना और खरीदना दोनो ही गंभीर अपराध है इसलिए पुलिस ने फिलहाल बच्चा बेचने वाली मां आयशा को गिरफ्तार कर लिया है और इस मामले में अस्पताल की भूमिका की जांच की जा रही है।