मुंबई: गिरफ्तार सरगना छोटा राजन को इंडोनेशिया से वापस लाने के लिए वहां का दौरा करने जाने वाली मुंबई अपराध शाखा की टीम को वहां कुछ खतरे की आशंका है जिसके बाद वहां स्थानीय अधिकारियों से टीम के सदस्यों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है।
घटनाक्रम की जानकारी रखने वाले एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, हमें कुछ जानकारी मिली है कि छोटा राजन को इंडोनेशिया से वापस लाने के लिए जा रही टीम के समक्ष खतरा :सरगना जैसा: है और हम इस मामले में अतिरिक्त निगरानी कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, हमने मेजबान देश के साथ अपनी चिंताएं साझा की है और उनसे उसे वहां से लाये जाने के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।
छोटा राजन को दूसरी बैरक में शिफ्ट किया गया
छोटा राजन ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी। इंडोनेशिया से मिली खबरों के मुताबिक छोटा राजन को भारी सुरक्षा के बीच बाली की जेल में रखा गया है। गुरूवार को किसी बात पर छोटा राजन की उसके साथ बंद दूसरे कैदियों से बहस हो गई। आरोप है कि छोटा राजन ने उस सभी कैदियों के साथ जमकर बदसलूकी की और उन्हें धमकाया भी। यहां तक कि बात हाथापाई तक आ गई।
दूसरे कैदियों ने इस बात की शिकायत पुलिस से की। मामले की गंभीरता को समझते हुए पुलिस ने इस झगड़े के बाद छोटा राजन को दूसरी सेल में शिफ्ट कर दिया। पुलिस उस पर कड़ी निगाह रख रही है। जिस सेल में छोटा राजन को रखा गया है, वहां सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं।
सुरक्षा के बेहतर इंतजाम पुलिस के लिए परेशानी
छोटा राजन के भारत आने पर उसे किस जेल में रखा जाए, यह सवाल इन दिनों पुलिस के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। छोटा राजन को दाऊद इब्राहीम गैंग से संभावित खतरे को देखते हुए पुलिस उसकी सुरक्षा के माकूल इंतजाम करना चाहती है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस को सबसे बेहतर इंतजाम फिलहाल आर्थर रोड का नजर आ रहा है।