1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. मुंबई के लिए आज का दिन भी भारी, सभी स्कूलों को किया गया बंद

मुंबई के लिए आज का दिन भी भारी, सभी स्कूलों को किया गया बंद

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 05, 2019 06:53 am IST,  Updated : Sep 05, 2019 06:53 am IST

मूसलाधार बारिश की मार झेल रहे मुंबई के लिए आज का दिन भी भारी है। मौसम विभाग ने मुंबई और उसके आसपास के इलाके के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। कल हुई मूसलाधार बारिश के कारण पूरे मुंबई में जगह-जगह जल जमाव के हालात बने हुए हैं।

मुंबई के लिए आज का दिन भी भारी, सभी स्कूलों को किया गया बंद- India TV Hindi
मुंबई के लिए आज का दिन भी भारी, सभी स्कूलों को किया गया बंद

नई दिल्ली: मूसलाधार बारिश की मार झेल रहे मुंबई के लिए आज का दिन भी भारी है। मौसम विभाग ने मुंबई और उसके आसपास के इलाके के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। कल हुई मूसलाधार बारिश के कारण पूरे मुंबई में जगह-जगह जल जमाव के हालात बने हुए हैं। रेलवे पटरियों पर पानी भर जाने के कारण लोकल ट्रेनों पर जबरदस्त असर पड़ा है। हालांकि बारिश थमने के बाद एक बार फिर से लोकल सेवा को बहाल किया जा रहा है। कल भारी बारिश के कारण माटूंगा, सायन, दादर समेत नवी मुंबई तक का इलाका पानी-पानी नजर आया जिसके कारण आम लोगों को भारी परेशानी से गुजरना पड़ा। 

Related Stories

हालात ऐसे थे कि लोगों की मदद के लिए एनडीआरएफ की टीम को मुंबई की सड़क पर बोट के साथ उतरना पड़ा और लोगों को रेस्क्यू किया गया। मूसलाधार बारिश के कारण करीब 20 उड़ाने रद्द कर दी गईं और कई विमानों के परिचालन में विलंब हुआ। मंगलवार से शहर में लगातार हो रही बारिश के कारण मुंबई हवाई अड्डे पर उड़ान परिचालन बुधवार को आंशिक रूप से प्रभावित रहा। हवाई अड्डे से लगभग 20 उड़ानें रद्द हो गईं और 280 अन्य उड़ानों के परिचालन में देरी हुई। 

राज्य सरकार ने संबंधित अधिकारियों से पश्चिमी महाराष्ट्र के बांधों में पानी के प्रवाह पर नजर रखने के लिए कहा है, जहां पिछले महीने कुछ जिलों में बाढ़ ने भारी तबाही मचायी थी। मुंबई नगर निकाय ने सभी स्कूलों को बंद रखने और यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि छात्रों को सुरक्षित घर वापस भेज दिया जाए। अधिकारियों ने बताया कि पानी भरने के कारण विदर्भ क्षेत्र में गढ़चिरौली और गोंदिया जिले के 100 से ज्यादा गांवों और कोंकण इलाके के रत्नागिरि तथा सिंधुदुर्ग जिलों के विभिन्न हिस्सों से सड़क संपर्क टूट गया है। 

रायगढ़ और सिंधुदुर्ग जिलों के पश्चिमी घाट इलाकों में भूस्खलन होने की भी सूचना है। मुंबई सहित पूरे महाराष्ट्र को पिछले सप्ताह बारिश से कुछ राहत मिली थी, लेकिन फिर से अनवरत बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है जो थमने का नाम नहीं ले रहा। दक्षिण-पश्चिम मानसून के सक्रिय होने से राज्य में हालात और खराब हो गए हैं। भारी बारिश के कारण पूरे राज्य में गणेशोत्सव पर भी प्रभाव पड़ने की आशंका है। 

मौसम विभाग ने कहा है कि मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में 150 मौसम केंद्रों में से 100 में 200 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई है। विभाग के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘इससे पता चलता है कि मुंबई में बारिश कितनी भयंकर हो गई है। हमने अगले 24 घंटों के लिए मुंबई शहर और उपनगरों, ठाणे और पालघर जिलों सहित राज्य के विभिन्न स्थानों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।’’ उन्होंने कहा कि बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) और पुलिस लोगों को सुरक्षित रखने के लिए सभी प्रयास करने में जुटी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत