अजमेर: केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से आज अजमेर शरीफ में ख्वाजा मोइनउद्दीन चिश्ती की दरगाह पर चादर चढ़ाई। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि आने वाला सालाना उर्स पूरी दुनिया में अमन और खुशहाली का पैगाम लाए। इस अवसर पर नकवी ने कहा कि भारत में सामाजिक सद्भाव ही भारत की समृद्धि की गारंटी है। नकवी ने प्रधानमंत्री का सद्भावना संदेश भी पढ़ा जिसमे उन्होंने ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती के 804वें वार्षिक उर्स के अवसर पर भारत तथा पूरे विश्व में उनके अनुयायियों को शुभकामना एवं बधाई दी।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती के वार्षिक उर्स के अवसर पर, उनके समस्त अनुयायिओं को मेरी शुभकामनायें और बधाई। ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती हमारे मुल्क की महान सूफी परम्पराओं की अनोखी मिसाल हैं। गरीब नवाज ने जिस प्रकार मानवता की सेवा को ही इबादत का बेहतरीन रूप माना था, वह आज भी हमारे लिए प्रेरणा का स्रोत है। आने वाला वार्षिक उर्स, पूरी दुनिया में अमन और खुशहाली का पैगाम लाये। उर्स के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं।
नकवी ने कहा कि हमें हर हाल में सौहार्द और एकता की अपनी इस सामाजिक बुनियाद को और मजबूत करना होगा। सामाजिक सौहार्द और एकता की ताकत से ही समाज में टकराव और बिखराव की साजिश में लगे हुए तत्वों को पराजित किया जा सकता है और इसी ताकत ने आतंकवाद को बार-बार शिकस्त दी है।
केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के राज्य मंत्री ने कहा कि मजबूत इच्छा शक्ति वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली राजग सरकार का मूलमंत्र और संकल्प है। देश में विकास-देशवासियों में विश्वास हमारी सरकार, के समाज के हर वर्ग - गरीब, किसान, युवा, महिलाएं, कमजोर तबके, अल्पसंख्यक- समेत सभी के संपूर्ण विकास और सशक्तिकरण के लक्ष्य को मजबूत संकल्प के साथ आगे बढ़ा रही है।