1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. "अफवाहों से बचें", PM बालेंद्र शाह की अपील, नेपाल में भड़की सांप्रदायिक हिंसा में तीन लोगों की मौत

"अफवाहों से बचें", PM बालेंद्र शाह की अपील, नेपाल में भड़की सांप्रदायिक हिंसा में तीन लोगों की मौत

 Written By: Kajal Kumari @lallkajal
 Published : Jul 30, 2026 11:32 pm IST,  Updated : Jul 31, 2026 12:11 am IST

नेपाल में धार्मिक जुलूस के दौरान विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और अबतक तीन लोगों की मौत हो गई है। इसकी गूंज संसद में भी सुनाई दी। पीएम बालेंद्र शाह ने लोगों से अफवाहों से बचने की अपील की है।

नेपाल में भड़की हिंसा, पीएम का आया बयान- India TV Hindi
नेपाल में भड़की हिंसा, पीएम का आया बयान Image Source : REPORTER

Highlights

  • नेपाल में भड़की सांप्रदायिक हिंसा
  • नेपाल में हिंसा में तीन लोगों की मौत
  • नेपाल के पीएम की लोगों से अपील

भारत-नेपाल सीमा से सटे नेपाल के सुनसरी जिले में धार्मिक जुलूस के दौरान शुरू हुआ विवाद गुरुवार को सांप्रदायिक हिंसा में बदल गया। देखते ही देखते दो समुदायों के लोग आमने-सामने आ गए। कई जगह पथराव, आगजनी और तोड़फोड़ हुई। हालात बेकाबू होने पर पुलिस और सशस्त्र पुलिस बल को हस्तक्षेप करना पड़ा। हिंसा में अबतक तीन व्यक्तियों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। मामले की आंच अब संसद तक पहुंच गई है। राष्ट्रिय स्वतन्त्र पार्टी प्रतिनिधि सभा सदस्य आशिका तामाङ ने इस घटना की बात संसद में उठाई। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने लोगों से अपील की है, अफवाहों से बचें, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पीएम बालेंद्र शाह ने क्या कहा

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने गुरुवार को लोगों से शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की। ​​सीमावर्ती जिलों में सांप्रदायिक हिंसा में तीन लोगों की मौत के बाद अधिकारियों को नए इलाकों में भी कर्फ्यू लगाना पड़ा। देश के नाम अपने संबोधन में शाह ने कहा कि सरकार हालिया हिंसा की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करेगी और इसके लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराएगी। प्रधानमंत्री ने मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ त्वरित और सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।

कई इलाकों में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लागू
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धार्मिक जुलूस के मार्ग और धार्मिक प्रतीकों को लेकर शुरू हुई कहासुनी कुछ ही मिनटों में हिंसक झड़प में बदल गई। उग्र भीड़ ने दुकानों और वाहनों को निशाना बनाया। कई स्थानों पर आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं हुईं। हालात काबू से बाहर होते देख पुलिस ने पहले लाठीचार्ज किया, फिर आंसू गैस के गोले छोड़े और अंततः भीड़ को तितर-बितर करने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा।
हिंसा के बाद पूरा सुनसरी जिला हाई अलर्ट पर है।

लोगों से की जा रही अपील-घरों में रहें

नेपाल पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की अतिरिक्त कंपनियां तैनात की गई हैं। प्रशासन ने लोगों से घरों में रहने, सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों से बचने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। भारत नेपाल सीमा के इलाके में लगातार बिगड़ती स्थिति को देखते हुए  इनरुवा समेत संवेदनशील इलाकों में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लागू कर दिया है। 

नेपाल सरकार ने गृह मंत्रालय और सुरक्षा एजेंसियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर हालात की समीक्षा की है। सरकार का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त सुरक्षा बल भेजे जाएंगे। भारत से लगी खुली सीमा को देखते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है।

(अररिया से अरुण कुमार की रिपोर्ट)

नेपाल में बवाल, हिंसा में एक शख्स की मौत, कई शहरों में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू, जानें कैसे हैं हालात

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश