वाराणसी: बलोच वर्ल्ड बलूच महिला फोरम की अध्यक्ष नाएला कादरी बलूच ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ करते हुए कहा है कि वह बलूचिस्तान के लोगों के हीरो बन गए हैं। उन्होंने कहा कि हम लोग पिछले 70 सालों से तकलीफें सह रहे थे लेकिन दुनिया को यह बात तभी पता चली जब भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मुद्दे को उठाया।
देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए नाएला ने कहा, 'वह हमारे हीरो बन गए हैं, वह बलोचिस्तान के हीरो बन गए हैं। पाकिस्तानी आर्मी ने सारी हदें तोड़ दी हैं। वह हमारी महिलाओं और यहां तक की बच्चियों के साथ बलात्कार करती है और लोगों को मारने के बाद उनके शरीर के अंग तक निकाल ले जाती है।' कादरी ने कहा कि भारत से मिल रहे नैतिक समर्थन ने बलोचिस्तान की आजादी की लड़ाई को तेज कर दिया है। वाराणसी में गंगा महासभा और एक स्थानीय अखबार की ओर से आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करने आईं नाएला ने कहा, ‘पाकिस्तान से आजादी की लड़ाई लड़ रहे बलूचों को भारत से बहुत उम्मीदें हैं।’

नाएला कादरी बलोच। (फोटो: twitter.com/NaelaQuadri)
नाएला ने कहा, ‘दुनियाभर में रह रहे बलूचों की मदद के लिए भारत के आगे आने से हिन्दुस्तानियों और बलूचों में संवाद कायम होगा। हम नजदीक आकर यह तय कर सकेंगे कि बलूचिस्तान की निर्वासित सरकार का स्वरूप कैसा हो।’ उन्होंने कहा, ‘बलूचों को भारत सरकार से हर प्रकार की मदद की उम्मीद है। लेकिन आजाद बलूचिस्तान की मांग पर अब तक भारत सरकार से हमें समर्थन नहीं मिला है। हालांकि यहां की सिविल सोसाइटी और विभिन्न संगठनों के लोग हमारे साथ हैं।’
आजाद बलूचिस्तान के लिए भारत सरकार क्या कर सकती है? इस सवाल पर नाएला का सुझाव था, दुनिया के जितने देशों में भारतीय दूतावास हैं, वे बलूचों को हिन्दुस्तान आने और यहां बसने में मदद करें। वीजा देते वक्त बलूचों को पाकिस्तानी न समझा जाए। जिस तरह पाकिस्तान से आने वाले हिंदूस्तानी समुदाय के लोगों को यहां विशेष सुविधाएं मिली हुई हैं, वैसा ही सलूक बलूचों के साथ हो। उन्होंने कहा, ‘बलूचिस्तान न कभी पाकिस्तान का हिस्सा था और न रहेगा।’