वैदिक ज्योतिष के अनुसार हर दिन ग्रह-नक्षत्रों की चाल सभी 12 राशियों पर अलग-अलग प्रभाव डालती है। 4 जुलाई 2026 का दिन कुछ राशियों के लिए विशेष रूप से शुभ माना जा रहा है। इस दिन कर्क समेत 4 राशि के लोगों को कार्यक्षेत्र में सफलता, आर्थिक मजबूती और परिवार का सहयोग मिलने के योग बन रहे हैं। आइए जानते हैं कल की लकी राशियां कौन-कौन सी हैं और इनके लिए शनिवार का दिन कैसा रहने वाला है।
कर्क राशि: करियर में मिलेंगे नए अवसर
कर्क राशि के जातकों के लिए शनिवार का दिन सकारात्मक रहेगा। कार्यक्षेत्र में व्यस्तता बनी रहेगी, लेकिन आपकी मेहनत अच्छे परिणाम भी दिलाएगी। मनोरंजन या गैरजरूरी कामों की बजाय आप अपने लक्ष्यों पर ध्यान केंद्रित करेंगे। फिल्म, मीडिया या क्रिएटिव क्षेत्र से जुड़े लोगों को नया अवसर मिल सकता है। कारोबार करने वालों को उत्पादन के साथ-साथ मार्केटिंग पर भी ध्यान देने की जरूरत होगी। परिवार के साथ घरेलू जरूरतों की खरीदारी हो सकती है। विद्यार्थियों को करियर से जुड़ा सही मार्गदर्शन मिलेगा, जबकि संतान की ओर से कोई सुखद समाचार पूरे परिवार को खुश कर सकता है।
सिंह राशि: रुके हुए काम होंगे पूरे
सिंह राशि वालों के लिए यह दिन उपलब्धियों से भरा रह सकता है। लंबे समय से अटके हुए कार्य पूरे होने से मन प्रसन्न रहेगा। आत्मविश्वास बढ़ेगा और कम प्रयास में अच्छे परिणाम मिलने की संभावना है। राजनीति या प्रभावशाली लोगों से सहयोग मिलने के योग बन रहे हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को खुशखबरी मिल सकती है। परिवार के साथ किसी धार्मिक स्थान पर जाने की योजना बन सकती है। किसी अनुभवी और सम्मानित व्यक्ति का साथ आपके व्यक्तित्व को नई दिशा दे सकता है।
तुला राशि: आर्थिक स्थिति होगी मजबूत
तुला राशि के जातकों के लिए कल का दिन आत्मविश्वास से भरा रहेगा। कार्यस्थल पर मेहनत अधिक करनी पड़ सकती है, लेकिन उसका लाभ भी मिलेगा। लंबे समय से अटका हुआ धन वापस मिलने की संभावना है, जिससे आर्थिक स्थिति बेहतर होगी। निवेश से जुड़े फैसले सोच-समझकर लें। व्यापार में विस्तार की योजनाएं आगे बढ़ सकती हैं और विदेश से जुड़े कारोबार में अच्छा लाभ मिलने के संकेत हैं। छात्रों के लिए भी दिन अनुकूल रहेगा। परिवार में सामंजस्य बनाए रखने में आपकी भूमिका महत्वपूर्ण साबित होगी।
कुंभ राशि: सफलता के नए रास्ते खुलेंगे
कुंभ राशि वालों के लिए शनिवार कई शुभ अवसर लेकर आ सकता है। नौकरी के लिए इंटरव्यू देने वाले लोगों को अच्छी खबर मिल सकती है। लंबे समय से बनाई गई योजनाएं समय पर पूरी होती नजर आएंगी। विद्यार्थियों और युवाओं को करियर से जुड़ी परेशानियों का समाधान मिलेगा। आपकी प्रगति देखकर कुछ लोग ईर्ष्या कर सकते हैं, लेकिन धैर्य और सकारात्मक व्यवहार बनाए रखना आपके लिए फायदेमंद रहेगा। नया कारोबार शुरू करने से पहले किसी अनुभवी व्यक्ति की सलाह लें। दांपत्य जीवन में खुशियां बनी रहेंगी।
(आचार्य इंदु प्रकाश देश के जाने-माने ज्योतिषी हैं, जिन्हें वास्तु, सामुद्रिक शास्त्र और ज्योतिष शास्त्र का लंबा अनुभव है। इंडिया टीवी पर आप इन्हें हर सुबह 7.30 बजे भविष्यवाणी में देखते हैं।)
ये भी पढ़ें: शुक्र गोचर इन राशियों को दिलाएगा भौतिक सुख, आर्थिक पक्ष हो सकता है मजबूत, करियर क्षेत्र में बेहतरीन बदलाव के आसार