1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कश्मीर पर छिपाने को कुछ भी नहीं है: नरेंद्र मोदी

कश्मीर पर छिपाने को कुछ भी नहीं है: नरेंद्र मोदी

 Written By: India TV News Desk
 Published : Jul 18, 2016 11:14 pm IST,  Updated : Jul 18, 2016 11:14 pm IST

कश्मीर घाटी में अशांति को लेकर विपक्ष के निशाने पर आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार के पास छिपाने को कुछ नहीं है।

Narendra Modi
- India TV Hindi
Narendra Modi Image Source : PTI

नई दिल्ली: कश्मीर घाटी में अशांति को लेकर विपक्ष के निशाने पर आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार के पास छिपाने को कुछ नहीं है और इस स्थिति से निबटने के लिए वह सभी को विश्वास में लेगी। उन्होंने यह टिप्पणी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटकों की एक बैठक में की। उससे पहले भाजपा संसदीय दल की बैठक में उन्होंने कहा कि सरकार जीएसटी पर सभी दलों से बातचीत करेगी और इसके पारित होने के पक्ष में सर्वसम्मति बनाने का प्रयास करेगी।

शिवसेना नेता संजय राउत ने संवाददाताओं से कहा कि मोदी ने कश्मीर में चल रही अशांति के बारे में बात की और उन्होंने भाजपा सहयोगियों से राय मांगी। राउत ने कहा, उन्होंने कहा कि सरकार के पास इस मामले पर छिपाने को कुछ नहीं है और वह सभी को विश्वास में लेगी। शिवसेना नेता ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री से कश्मीर के लोगों के साथ चाय पर चर्चा करने को कहा है। लोगों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के साथ चाय पर चर्चा नहीं पसंद की, भले ही उनकी मंशा अच्छी ही क्यों न रही हो।

शिवसेना का भाजपा के साथ तनावपूर्ण संबंध रहा है और उसने अक्सर विभिन्न मुद्दों पर मोदी सरकार पर हमला किया है। सूचना एवं प्रसारण मंत्री एम वेंकैया नायडू ने सोमवार को संवाददाताओं से कहा कि मोदी ने राजग नेताओं को जीएसटी विधेयक का महत्व और उसे पारित करने की जरूरत के बारे में बताया। उन्होंने कहा, सभी दल (राजग) जीएसटी पर एकसाथ हैं।

प्रधानमंत्री ने उन्हें उसके महत्व और उसे पारित करने की जरूरत के बारे में विस्तार से बताया। सरकार ने रविवार को सर्वदलीय बैठक में भी ऐसे ही बिंदु रखे थे। वित्त मंत्री अरूण जेटली और संसदीय मामलों के मंत्री अनंत कुमार ने भी बैठक को संबोधित किया और नेताओं को सत्र के लिए सरकार के एजेंडा के बारे में बताया। इससे पहले दिन में, आला अधिकारी सूत्रों ने कहा कि जीएसटी विधेयक पर सर्वसम्मति बनाने के लिए विपक्षी दलों के साथ और बैठकें की जाएंगी। बैठक के बाद एक वरिष्ठ मंत्री ने कहा, हमारी तरफ से हमने सभी राजनीतिक दलों को साफ कर दिया कि हम खुले दिल से और चर्चा के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा, जीएसटी विधेयक पारित करने के लिए सभी राजनीतिक दल सकरात्मक दिखे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत