1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. नक्सलियों ने यात्री बस को लगाई आग, पुलिस दल पर गोलीबारी

नक्सलियों ने यात्री बस को लगाई आग, पुलिस दल पर गोलीबारी

 Written By: Bhasha
 Published : Nov 24, 2015 11:52 am IST,  Updated : Nov 24, 2015 11:54 am IST

रायपुर: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में नक्सलियों ने यात्री बस में आग लगा दी तथा घटनास्थल पहुंच रहे पुलिस जवानों पर गोलीबारी भी की है। सुकमा जिले के पुलिस अधिकारियों ने आज भाषा

नक्सलियों ने यात्री...- India TV Hindi
नक्सलियों ने यात्री बस को लगाई आग

रायपुर: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में नक्सलियों ने यात्री बस में आग लगा दी तथा घटनास्थल पहुंच रहे पुलिस जवानों पर गोलीबारी भी की है।

सुकमा जिले के पुलिस अधिकारियों ने आज भाषा को दूरभाष पर बताया कि जिले के तोंगापाल थाना क्षेत्र के अंतर्गत टहकवाड़ा गांव के करीब नक्सलियों ने एक यात्री बस से यात्रियों को उतार कर उसमें आग लगा दी।

अधिकारियों ने बताया कि बीती रात बस्तर जिले के जिला मुख्यालय जगदलपुर से हैदराबाद के लिए एक निजी कंपनी की यात्री बस रवाना हुई थी। बस जब टहकवाड़ा गांव के करीब पहुंची तब हथियारबंद नक्सलियों ने बस को घेर लिया और यात्रियों को नीचे उतारकर उसमें आग लगा दी।

उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस दल को एंटी लैण्ड माइन व्हीकल में घटनास्थल टहकवाड़ा के लिए रवाना किया गया। सुरक्षा बलों का वाहन जब घटनास्थल के करीब पहुंचा तब नक्सलियों ने वाहन पर गोलीबारी की। बाद में सुरक्षा बल ने जब जवाबी कार्रवाई की तब नक्सली वहां से भाग गए।

टहकवाड़ा क्षेत्र में पिछले वर्ष अप्रैल माह में नक्सलियों ने सुरक्षा बल के 15 जवानों और एक नागरिक की हत्या कर दी थी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बाद में सुरक्षा बल ने यात्रियों को वहां से सुरक्षित रवाना किया। इस घटना में किसी के भी हताहत होने की सूचना नहीं है।

राज्य के दंतेवाड़ा जिले में भी सोमवार की दोपहर को नक्सलियों ने एक यात्री बस को आग के हवाले कर दिया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत