1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. दुनिया में बजा Delhi Metro का डंका! इस मामले में हांगकांग-पेरिस-न्यूयॉर्क को छोड़ा पीछे, भारत का बढ़ा मान

दुनिया में बजा Delhi Metro का डंका! इस मामले में हांगकांग-पेरिस-न्यूयॉर्क को छोड़ा पीछे, भारत का बढ़ा मान

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Aug 10, 2026 10:37 am IST,  Updated : Aug 10, 2026 10:38 am IST

दिल्ली-एनसीआर की लाइफलाइन बन चुकी दिल्ली मेट्रो ने दुनियाभर में भारत का नाम रोशन किया है। ट्रेन संचालन में समय की पाबंदी, सटीकता और भरोसेमंद सेवा के मामले में दिल्ली मेट्रो ने कई दिग्गज मेट्रो सिस्टम को पीछे छोड़ दिया है।

भारत की दिल्ली मेट्रो...- India TV Hindi
भारत की दिल्ली मेट्रो ने दुनिया को चौंकाया! Image Source : ANI/CANVA

दिल्ली-एनसीआर की लाइफलाइन बन चुकी दिल्ली मेट्रो ने एक बार फिर देश का नाम दुनिया में रोशन किया है। ट्रेन संचालन में सटीकता, समय की पाबंदी और भरोसेमंद सेवा के मामले में दिल्ली मेट्रो ने दुनिया की कई बड़ी मेट्रो प्रणालियों को पीछे छोड़ दिया है। हांगकांग, पेरिस और न्यूयॉर्क जैसे शहरों की प्रतिष्ठित मेट्रो के बीच दिल्ली मेट्रो का यह प्रदर्शन भारत के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

दुनियाभर की 45 प्रमुख मेट्रो प्रणालियों से जुड़े कम्युनिटी ऑफ मेट्रो (COMET) के तुलनात्मक सर्वे में दिल्ली मेट्रो दुनिया की सबसे भरोसेमंद मेट्रो प्रणालियों में शीर्ष पर रही। इस सर्वे में ट्रेनों की समयबद्धता और परिचालन की सटीकता को खास तौर पर देखा गया। दिल्ली मेट्रो की खास बात यह है कि यहां ट्रेन के गंतव्य तक पहुंचने में 59 सेकंड से ज्यादा की देरी को भी विलंब माना जाता है। वहीं कई अंतरराष्ट्रीय मेट्रो प्रणालियों में 2 से 5 मिनट तक की देरी को सामान्य सीमा में रखा जाता है।

23 साल में बढ़ी समयबद्धता

दिल्ली मेट्रो ने साल 2003 में अपनी शुरुआत के बाद से परिचालन के मामले में लगातार सुधार किया है। उस समय मेट्रो की समयबद्धता करीब 98.27% थी। अब यह आंकड़ा बढ़कर 99.95% के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। दिल्ली-एनसीआर में मेट्रो का नेटवर्क करीब 416.5 किलोमीटर लंबा हो चुका है। वहीं ट्रेनों के बीच अंतराल भी कम हुआ है। शुरुआती दौर में जहां ट्रेनों के बीच करीब 7 मिनट का अंतर होता था, वहीं व्यस्त कॉरिडोर में यह घटकर करीब 2.18 मिनट रह गया है।

29% नेटवर्क पर चल रही ड्राइवरलेस मेट्रो

दिल्ली मेट्रो अब सिर्फ समय की पाबंदी में ही नहीं, बल्कि तकनीक के मामले में भी तेजी से आगे बढ़ रही है। पिंक और मजेंटा लाइन समेत करीब 29% नेटवर्क पर ऑटोमैटिक ट्रेन ऑपरेशन की सुविधा है। करीब 71.55 किलोमीटर लंबी पिंक लाइन दुनिया की सबसे लंबी चालक रहित मेट्रो लाइनों में प्रमुख स्थान रखती है। इससे दिल्ली मेट्रो की आधुनिक तकनीक और परिचालन क्षमता का पता चलता है।

चुनौतियां भी कम नहीं

हालांकि, दिल्ली मेट्रो के सामने कुछ बड़ी चुनौतियां भी हैं। येलो और ब्लू लाइन जैसे व्यस्त कॉरिडोर पर पीक टाइम में भारी भीड़, लास्ट-माइल कनेक्टिविटी और फेज-4 के निर्माण कार्य प्रमुख मुद्दे हैं। पुराने नेटवर्क वाले कुछ हिस्सों में सिग्नलिंग या ओवरहेड वायर से जुड़ी तकनीकी समस्याएं भी कभी-कभी परिचालन प्रभावित करती हैं।

यह भी पढ़ें- नई दिल्ली से गाजीपुर, बलिया, छपरा के रास्ते सुपौल तक चलाई जाएगी स्पेशल ट्रेन, चेक करें टाइम टेबल और स्टॉपेज

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा