नई दिल्ली: निर्भया रेप केस में नाबालिग दोषी की रिहाई के खिलाफ उसके माता-पिता ABVP कार्यकर्ताओं के साथ शाम 4 बजे शांति मार्च निकालेंगे। निर्भया के माता-पिता का कहना है कि, उनकी बेटी के साथ सबसे ज्यादा दरिंदगी नाबालिग दोषी ने ही की थी,ऐसे में जब तक उसे कड़ी सज़ा नहीं मिलती तब तक उनकी बेटी को पूरा इंसाफ नहीं मिलेगा।
रिहाई रोकने की आखिरी कोशिश के तहत दिल्ली महिला आयोग की ओर से देर रात दाखिल विशेष अनुमति याचिका (SLP) पर सुप्रिम कोर्ट ने अविलंब सुनवाई से इनकार कर दिया। न्यायमूर्ति ए. के. गोयल और न्यायमूर्ति यू. यू. ललित की एक अवकाशकालीन पीठ ने देर रात 2 बजे अपना आदेश सुनाया और मामले की अगली सुनवाई सोमवार को तय कर दी।
सड़कों से अदालत तक नाबालिग की रिहाई का विरोध
रेप केस में नाबालिग दोषी की रिहाई को लेकर जमकर विरोध हुआ। सड़क से लेकर देश की सबसे बड़ी अदालत की चौखट तक नाबालिग दोषी का विरोध किया गया। इस विरोध की बागडोर निर्भया के माता-पिता के साथ दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने संभाली। निर्भया के नाबालिग दोषी की रिहाई पर देर रात सुप्रीम कोर्ट खोला गया।