1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. राज्यसभा में हंगामे पर बोले बिहार के CM नीतीश कुमार, उपसभापति के साथ विपक्ष के बर्ताव की निंदा की

राज्यसभा में हंगामे पर बोले बिहार के CM नीतीश कुमार, उपसभापति के साथ विपक्ष के बर्ताव की निंदा की

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 21, 2020 02:55 pm IST,  Updated : Sep 21, 2020 02:57 pm IST

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि राज्यसभा में रविवार को जो कुछ भी हुआ वह बहुत गलत और निंदनीय है।

बिहार के CM नीतीश कुमार- India TV Hindi
बिहार के CM नीतीश कुमार Image Source : PTI/FILE

नई दिल्ली: बिहार में सत्तारूढ़ भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेताओं ने कहा कि कृषि विधेयकों के राज्यसभा में पारित होने के दौरान उपसभापति हरिवंश के साथ विपक्ष के बर्ताव ने बिहार की प्रतिष्ठा को ‘‘चोट’’ पहुंचायी है और राज्य के लोग इसका जवाब देंगे। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि राज्यसभा में रविवार को जो कुछ भी हुआ वह बहुत गलत और निंदनीय है। 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा कई परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन के लिए ऑनलाइन आयोजित किए गए कार्यक्रम में नीतीश ने यह बयान दिया। वहीं राज्य के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि बिहार के लोग इसका जवाब देंगे। बिहार में जल्द ही विधानसभा चुनाव होने वोले हैं। उन्होंने कहा कि हरिवंश बिहार और पूरे देश के एक सम्मानित व्यक्ति हैं और इस घटना ने राज्य की प्रतिष्ठा का चोट पहुंचायी है। 

विपक्ष के भारी हंगामे के बीच कृषि उपज व्यापार और वाणिज्य (संवर्द्धन और सुविधा) विधेयक-2020 और कृषक (सशक्तिकरण एवं संरक्षण) कीमत आश्वासन समझौता और कृषि सेवा पर करार विधेयक-2020 रविवार को राज्यसभा में पारित हो गए थे। इस दौरान दो विधेयकों को पारित कराने पर जोर देने पर विपक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया था। तृणमूल कांग्रेस सदस्यों के नेतृत्व में कुछ विपक्षी सदस्य आसन के बिल्कुल पास आ गए। 

राज्यसभा में रविवार को हुए हंगामे की गूंज सोमवार को भी सुनाई पड़ी और विपक्ष के आठ सदस्यों को सत्र के शेष समय के लिए निलंबित कर दिया गया। इसके बाद निलंबितत सांसद संसद परिसर में गांधी मूर्ति के पास धरने पर बैठ गए। इन्हें कई और विपक्षी दलों के सांसदों का भी साथ मिला।

बता दें कि सभापति एम वैंकेया नायडू ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद डेरेक ओ ब्रायन, आम आदमी पार्टी (AAP) के संजय सिंह, कांग्रेस के राजीव साटव, रिपुन बोरा तथा नाजिर हुसैन, केके रागेश, डोला सेन और इलामरन करीम को निलंबित किया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।