1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 'आत्मनिर्भरता' बना ऑक्सफोर्ड हिंदी वर्ड ऑफ द ईयर, पीएम मोदी ने पिछले साल कई बार किया इस्तेमाल

'आत्मनिर्भरता' बना ऑक्सफोर्ड हिंदी वर्ड ऑफ द ईयर, पीएम मोदी ने पिछले साल कई बार किया इस्तेमाल

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 02, 2021 08:13 pm IST,  Updated : Feb 02, 2021 08:13 pm IST

'ऑक्सफोर्ड वर्ड ऑफ द ईयर' एक ऐसा शब्द होता है जो बीते साल में लोगों के मूड की झलक देता है।

Aatmanirbharta, Aatmanirbharta Oxford Modi, Aatmanirbharta Modi Oxford, Oxford Hindi Word- India TV Hindi
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'आत्मनिर्भर भारत' के आह्वान को व्यापक स्तर पर समर्थन मिल रहा है। Image Source : PTI

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'आत्मनिर्भर भारत' के आह्वान को व्यापक स्तर पर समर्थन मिल रहा है और उनके इस प्रयास को उस समय और भी बल मिला है, जब मंगलवार को 'ऑक्सफोर्ड लैंग्वेजेज' ने 'आत्मनिर्भरता' को वर्ष 2020 का वर्ड ऑफ दि ईयर घाषित कर दिया। 'आत्मनिर्भरता', यह शब्द आत्मनिर्भरता का द्योतक है, एक अभिव्यक्ति या एक विचार है जो विगत एक वर्ष में अधिकांश भारतीयों के लिए बहुत प्रेरक रहा है। 'ऑक्सफोर्ड वर्ड ऑफ द ईयर' एक ऐसा शब्द होता है जो बीते साल में लोगों के मूड की झलक देता है, और आत्मनिर्भरता एक ऐसा शब्द रहा जो पिछले साल अधिकतर भारतीयों की भावना का हिस्सा रहा।

‘भारत के लिए एक अभूतपूर्व वर्ष था 2020’

वर्ष 2020, भारत के लिए एक अभूतपूर्व वर्ष था, क्योंकि इसमें कोरोना काल के कारण लोगों को लंबे लॉकडाउन का सामना करना पड़ा था। लोगों की आवाजाही पर बंदिश और दैनिक कार्यकलाप पर असर पड़ने के कारण आर्थिक गतिविधियों की रफ्तार धीमी हो गई। इसके परिणास्वरूप देश के लाखों नागरिकों पर इसका प्रभाव पड़ा। इस कठिन दौर से बाहर निकलने के लिए हर क्षेत्र के लोगों ने अदम्य साहस, मानवीय भावना, धैर्य व आत्मनिर्भरता का परिचय दिया। महामारी के शुरुआती महीनों में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोविड राहत पैकेज का ऐलान किया था तो महामारी के इस संकट से उबरने के लिए उन्होंने एक राष्ट्र, एक अर्थव्यवस्था, एक समाज और एक व्यक्ति के रूप में आत्मनिर्भर बनने की आवश्यकता पर जोर दिया था।

‘तेजी से बढ़ा आत्मनिर्भरता का इस्तेमाल’
प्रधानमंत्री मोदी ने इसे स्पष्ट करते हुए कहा था कि आत्मनिर्भर भारत का तात्पर्य स्व-केंद्रित होने अथवा दुनिया से तटस्थ रहने का नहीं, बल्कि यह स्वयं को दक्ष बनाने के बारे में है। उन्होंने कहा था कि हम ऐसी नीतियां बनाएंगे जो दक्षता, परस्पर सहयोग और लचीलेपन को प्रोत्साहित करती हों। प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद से ही 'आत्मनिर्भरता' शब्द का इस्तेमाल तेजी से बढ़ने लगा। उन्होंने अपने संबोधन में एक वाक्यांश और अवधारणा के रूप में इसकी प्रमुखता को उजागर किया था, और अब 'ऑक्सफोर्ड लैंग्वेजेज' ने 'आत्मनिर्भरता' को वर्ष 2020 का वर्ड ऑफ दि ईयर घाषित कर दिया। (IANS)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत